विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में अभाविप ने फूंका झारखंड मुख्यमंत्री का पुतला

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) बांदा के कार्यकर्ताओं ने झारखंड में विद्यार्थियों पर हुए कथित बर्बर लाठीचार्ज, वॉटर कैनन के प्रयोग...

Aug 13, 2026 - 17:39
Aug 13, 2026 - 17:42
 0  15
विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में अभाविप ने फूंका झारखंड मुख्यमंत्री का पुतला

बांदा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) बांदा के कार्यकर्ताओं ने झारखंड में विद्यार्थियों पर हुए कथित बर्बर लाठीचार्ज, वॉटर कैनन के प्रयोग और गिरफ्तारियों के विरोध में अशोक लॉट चौराहे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।

अभाविप के जिला संयोजक कार्तिकेय गुप्ता ने आरोप लगाया कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं एवं पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर झारखंड पुलिस ने बलप्रयोग किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में छात्राओं समेत कई विद्यार्थी घायल हुए हैं।

कार्तिकेय गुप्ता ने कहा कि प्रदेशभर से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने रांची पहुंच रहे विद्यार्थियों को रोकना आंदोलन को दबाने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुराने विधानसभा परिसर के निकट निर्धारित एकत्रीकरण स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियां शुरू कर दी गईं। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं से भरी बसों को आगे ले जाने का विरोध कर रहे विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

अभाविप ने विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं पर हुए बलप्रयोग की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा परीक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाने की मांग उठाई।

कार्तिकेय गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को लाठीचार्ज, वॉटर कैनन और गिरफ्तारियों के जरिए दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों की न्यायोचित मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो अभाविप आंदोलन को और तेज करेगी।

पुतला दहन कार्यक्रम में युवराज सिंह, समीर सिंह, अभय साहू, आशीष, शैलेंद्र दीक्षित, उमाकांत सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0