संकट की घड़ी में सेवा का संकल्प, चित्रकूट बाढ़ पीड़ितों के लिए 51 लाख रुपये देगा श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट

चित्रकूट में लगातार चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ ने धर्मनगरी में भारी तबाही मचा दी है...

Sep 2, 2026 - 17:02
Sep 2, 2026 - 17:05
 0  29
संकट की घड़ी में सेवा का संकल्प, चित्रकूट बाढ़ पीड़ितों के लिए 51 लाख रुपये देगा श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट

चार दिनों की मूसलाधार बारिश से मंदाकिनी नदी उफान पर, घर-दुकान और धार्मिक स्थलों में घुसा पानी; राहत कार्यों में जुटा ट्रस्ट

चित्रकूट। चित्रकूट में लगातार चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ ने धर्मनगरी में भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ के कारण कई घरों, दुकानों, मठ-मंदिरों और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी भर गया है, जबकि कई स्थानों पर लोगों का सामान भी बाढ़ के पानी में बह गया। बाढ़ से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं और धर्मनगरी के विभिन्न इलाकों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। चारों ओर बाढ़ की गंभीर स्थिति के चलते लोगों में त्राहिमाम मचा हुआ है।

बाढ़ की इस विषम परिस्थिति को देखते हुए संत रणछोड़ दास जी महाराज द्वारा संस्थापित श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट एवं रघुवीर मंदिर ट्रस्ट ने राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष विशद भाई मफतलाल ने सभी ट्रस्टियों से विचार-विमर्श के बाद बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए 51 लाख रुपये की धनराशि से राहत सामग्री उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है।

इस राशि से बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन सामग्री, कपड़े, दवाइयां, शुद्ध पेयजल सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। ट्रस्ट की ओर से प्रशासन को भी इस निर्णय से अवगत कराया गया है, ताकि राहत कार्यों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

विशद भाई मफतलाल ने ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. इलेश जैन को जिला प्रशासन को संकल्प पत्र सौंपकर ट्रस्ट की प्रतिबद्धता से अवगत कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में डॉ. इलेश जैन ने रीवा संभाग आयुक्त शैलेन्द्र को संकल्प पत्र सौंपते हुए बताया कि संस्था बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए 51 लाख रुपये की राशि से राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

डॉ. इलेश जैन ने आयुक्त एवं जिला कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस. से आग्रह करते हुए कहा कि श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट एवं रघुवीर मंदिर ट्रस्ट जिला प्रशासन, नगर परिषद तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में जुटे अन्य सहयोगी कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बाढ़ पीड़ितों की सेवा और राहत कार्यों में निरंतर जुटे हुए हैं।

चार दिनों से लगातार राहत कार्य

ट्रस्ट की टीम पिछले चार दिनों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत सामग्री पहुंचाने में जुटी है। प्रभावित लोगों को लंच पैकेट, राशन किट, दवा किट, हाइजीन किट, कपड़ों की किट, शुद्ध पेयजल, कंबल, पन्नी, मोमबत्ती, माचिस सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

ट्रस्ट की ओर से अब बाढ़ प्रभावित छोटे बच्चों, बच्चियों, महिलाओं और पुरुषों के लिए कपड़ों का भी वितरण किया जाएगा। संस्था का कहना है कि इस कठिन परिस्थिति में बाढ़ पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए ट्रस्ट प्रशासन और स्थानीय सहयोगियों के साथ मिलकर लगातार काम करता रहेगा।

बाढ़ की विकट स्थिति के बीच ट्रस्ट द्वारा 51 लाख रुपये की राहत सहायता की घोषणा से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन के साथ समन्वय कर राहत सामग्री को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0