आर्य कन्या इंटर कॉलेज, बाँदा में मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम कार्यशाला आयोजित

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम, बांदा द्वारा आर्य कन्या इंटर कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य...

May 9, 2026 - 15:17
May 9, 2026 - 15:18
 0  18
आर्य कन्या इंटर कॉलेज, बाँदा में मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम कार्यशाला आयोजित

जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम ने छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य, डिप्रेशन और टेली मानस हेल्पलाइन 14416 की दी जानकारी

बांदा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम, बांदा द्वारा आर्य कन्या इंटर कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा आत्महत्या जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

कार्यशाला में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. रिजवाना हाशमी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जैसे खराब भोजन शरीर को बीमार करता है, उसी प्रकार नकारात्मक विचार मानसिक रोगों को जन्म देते हैं। उन्होंने छात्राओं को सकारात्मक सोच अपनाने, आत्ममूल्यांकन करने और शिक्षा को केवल डिग्री नहीं बल्कि ज्ञान प्राप्ति का माध्यम मानने की प्रेरणा दी।

साइकियाट्रिक नर्स त्रिभुवन नाथ ने मानसिक रोगों एवं आत्महत्या के संकेतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अवसाद से ग्रसित व्यक्ति अक्सर अकेले रहने लगता है और जीवन के प्रति निराशाजनक बातें करता है। ऐसे लोगों से संवाद बनाए रखना और समय पर काउंसलिंग कराना बेहद आवश्यक है। उन्होंने टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर सहायता लेने की अपील की।

अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी नरेंद्र कुमार मिश्रा ने मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या, योग और प्राणायाम को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि मानसिक रोगों के उपचार के लिए जिला चिकित्सालय के ओपीडी कक्ष संख्या-6 में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक कुमार गुप्ता से परामर्श लिया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम गुप्ता ने जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला के पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली करीब 20 छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित छात्राओं में वैष्णवी, निधि, पूनम, कोमल, प्रियंका, अफसाना, रागिनी और रोशनी सहित अन्य छात्राएं शामिल रहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0