बेतवा नदी का जल स्तर बढ़ा,खनन कर रहे पांच मजदूर टापू पर फंसे

मप्र व झांसी के आसपास पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते बेतवा नदी का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है...

Jun 23, 2025 - 16:18
Jun 23, 2025 - 16:22
 0  42
बेतवा नदी का जल स्तर बढ़ा,खनन कर रहे पांच मजदूर टापू पर फंसे

पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने रेस्क्यू करा सकुशल बाहर निकाला

झांसी। मप्र व झांसी के आसपास पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते बेतवा नदी का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। परीछा बांध से पानी छोड़े जाने के बाद एकाएक साेमवार सुबह नदी का जलस्तर बढ़ गया। इसके चलते मोंठ थाना क्षेत्र स्थित सौजना घाट में बालू की लिफ्ट मशीन पर कार्य कर रहे कई मजदूर टापू पर फंस गए। सूचना पर प्रशासन व पुलिस बल मौके पर पहुंचा और करीब पांच घंटे चले रेस्क्यू के बाद गोताखोरों की मदद से तेज बहाव के बीच फंसे मजदूरों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

एसपी सिटी ज्ञानेंद कुमार सिंह ने बताया कि मोंठ थाना क्षेत्र के सौजना घाट बेतवा नदी में बालू निकालने का कार्य लिफ्टर मशीन से किया जा रहा था। मशीन पर ललितपुर जिले के ग्राम लागोंन निवासी कृष्णदेव, मऊरानीपुर के धवाकर निवासी सचिन कुशवाह, छत्रपाल तथा शाहजहांपुर के सोमेंद्र प्रताप व खुशीराम कार्य कर रहे थे। रात अधिक होने पर वह उसी बालू घाट पर सो गए। इस बीच बीते दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश से बांध भर गए और परीछा बांध से छोड़े गए पानी के कारण बेतवा नदी में पानी का स्तर बढ़ गया। सुबह करीब साढ़े चार बजे पांचों मजदूरों की आंख खुली तो खुद को पानी के बीच टापू में फंसा पाया। बढ़ते पानी में जब मजदूर डूबने लगे ताे जान बचाने के लिए चीख पुकार मचा दी। मजदूरों की चीख सुनकर तड़के पांच बजे लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। मजदूरों के नदी में फंसे होने की सूचना पर मोंठ एसडीएम, सीओ के साथ थाना पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियाें ने गोताखोरों को ट्यूब और नाव लेकर टापू तक भेजा और सभी पांच मजदूराें काे सकुशल करीब पांच घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाल जा सका।

यह भी पढ़े : उप्र में 127 उप जिलाधिकारियों के तबादले

बांध से पानी छोड़ने के बाद बढ़ा जलस्तर

मप्र व झांसी के आसपास के क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। इससे बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ गया और झांसी का पारीछा बांध भर गया। रविवार शाम को पारीछा बांध से 648 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इसके बाद सोजना घाट पर जलस्तर बढ़ गया। आज भी बांध से 23 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0