जानकीकुण्ड में रामरत्नेश्वर महादेव का चतुर्थ पाटोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न

परमहंस संत रणछोड़दास जी महाराज की पावन कर्मस्थली जानकीकुण्ड स्थित श्री रघुबीर मंदिर ट्रस्ट (बड़ी गुफा) के तत्वावधान में रामरत्नेश्वर महादेव...

Jan 14, 2026 - 17:16
Jan 14, 2026 - 17:19
 0  18
जानकीकुण्ड में रामरत्नेश्वर महादेव का चतुर्थ पाटोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न

लघु रुद्राभिषेक, रुद्रयज्ञ और महाआरती से शिवमय हुआ श्री रघुबीर मंदिर परिसर

चित्रकूट। परमहंस संत रणछोड़दास जी महाराज की पावन कर्मस्थली जानकीकुण्ड स्थित श्री रघुबीर मंदिर ट्रस्ट (बड़ी गुफा) के तत्वावधान में रामरत्नेश्वर महादेव का चतुर्थ पाटोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में भव्य रूप से आयोजित किया गया।

इस शुभ अवसर पर प्रातःकाल मंदिर परिसर स्थित शिवालय में विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन के साथ उत्सव का शुभारंभ हुआ। “ॐ नमः शिवाय” के सामूहिक मंत्रोच्चार के मध्य वैदिक परंपरा अनुसार लघु रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया। गुरुकुल के विद्यार्थियों एवं वैदिक आचार्यों द्वारा रुद्राष्टाध्यायी का सस्वर पाठ किया गया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर शिवमय वातावरण से ओतप्रोत हो उठा।

इसके उपरांत आयोजित रुद्रयज्ञ में पधारे संत-महंतों, यजमानों, सद्गुरु परिवार के सदस्यों तथा गुरुभाई-बहनों ने श्रद्धापूर्वक आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ के माध्यम से विश्व कल्याण, शांति और आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना की गई।

समारोह के समापन अवसर पर भगवान श्री रामरत्नेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात विधिवत प्रसाद का भोग अर्पित कर महाआरती संपन्न हुई। आरती के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन होकर शिव आराधना करते नजर आए।

इस पावन अवसर पर ट्रस्टी डॉ. ईलेश जैन, शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती उषा जैन, श्रीमती अनुभा अग्रवाल, आर.बी. सिंह चौहान, डॉ. अभय सिंह, श्रीमती पूजा सिंह, आचार्य अनिल शास्त्री, डॉ. सुरेंद्र तिवारी, संस्थान के मीडिया प्रभारी वीरेंद्र शुक्ला सहित अनेक वैदिक आचार्यगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, गुरुकुल के छात्र तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0