जनपद को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में किया जाएगा विकसित : डिप्टी सीएम
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह सभागार में जनपद में कराए जा रहे विकास कार्यों...

निर्देश दिए कि लाभार्थियों को मिलना चाहिए योजना का शत प्रतिशत लाभ
समीक्षा बैठक में विकास व निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
चित्रकूट। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह सभागार में जनपद में कराए जा रहे विकास कार्यों, निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
डिप्टी सीएम ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विधायक क्षेत्र विकास निधि योजना, सांसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन, जीरो पॉवर्टी उत्तर प्रदेश, मनरेगा सोशल ऑडिट, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आदि विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद आकांक्षी जनपद है। यहां पर जो भी विकास कार्य कराए जाएं वह सरकार की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना में लाभार्थियों के साथ कोई भी भेदभाव नहीं होना चाहिए। हर योजना का लाभ जनपद के पात्र लोगों को मिले। सभी खंड विकास अधिकारी अपने विकासखंडों के अंतर्गत भारत सरकार तथा प्रदेश सरकार की जो गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण आदि योजनाएं जो संचालित हो रही हैं उनका शत प्रतिशत लाभ आम जनमानस को मिलना चाहिए। जो निर्माण कार्य हो रहे हैं वह सही तरीके से कराए जाएं। किसानों को खाद की समस्या नहीं होनी चाहिए। हर घर जल नल योजना के अंतर्गत जो शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है उसमें प्रगति कराई जाए जनप्रतिनिधियों द्वारा जो भी कार्य के लिए कहा जाए उस कार्य का शत प्रतिशत अनुपालन होना चाहिए। अगर कहीं से कोई शिकायत जनप्रतिनिधियों के माध्यम से दी गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। कार्यकर्ताओं की जो भी समस्याएं हो उसका समाधान सभी अधिकारी अवश्य करें। पर्यटन विकास को लेकर भगवान कामतानाथ की तीर्थ नगरी में विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। जनपद को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। भारत सरकार तथा प्रदेश सरकार की जो जनकल्याणकारी योजनाएं हैं उनका लाभ सभी विभाग के अधिकारी आम जनमानस को दे। यही सरकार की मंशा है। बैठक में सीडीओ अमृतपाल कौर, अपर जिलाधिकारी उमेशचन्द्र निगम, सीएमओ डॉ भूपेश द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी सत्यराम यादव, डीसी एनआरएलएम ओमप्रकाश मिश्र, डीसी मनरेगा डीएन पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ वैभव त्रिपाठी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका यादव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अखिलेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इसके पूर्व उपमुख्यमंत्री ने लोक निर्माण निरीक्षण गृह में गार्ड ऑफ आनर लिया। तत्पश्चात भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारी से भेंट वार्ता कर जनपद की समस्याओं एवं विकास कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी की। संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। जनप्रतिनिधियों ने उपमुख्यमंत्री का देवांगना एयरपोर्ट पर पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, डीसीबी अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, नगर पालिका परिषद कर्वी अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता, पूर्व राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल, भैरों प्रसाद मिश्र, पूर्व विधायक मऊ मानिकपुर आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक बबेरू चंद्रपाल कुशवाहा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, मानिकपुर अरविंद कुमार मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष राजापुर संजीव मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बद्री प्रसाद त्रिपाठी, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?






