मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के प्रस्तावित विकास कार्यों की हुई समीक्षा
डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता तथा नगर पालिका परिषद कर्वी के अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता एवं नगर पंचायत राजापुर के अध्यक्ष संजीव मिश्रा की...
डीएम ने प्रस्ताव भेजने व उच्च गुणवत्ता व समयसीमा पर कार्य कराने के दिए निर्देश
चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता तथा नगर पालिका परिषद कर्वी के अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता एवं नगर पंचायत राजापुर के अध्यक्ष संजीव मिश्रा की उपस्थिति में नगरीय सेवाएं एवं अवस्थापना विकास परियोजनाएं (मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना सीएम वीएनवाई) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों के संबंध में समीक्षा बैठक कैंप सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में सर्वप्रथम नगर पालिका परिषद कर्वी द्वारा प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा की गई। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद ने अवगत कराया कि नगर पालिका कार्यालय भवन के प्रथम तल पर रिकॉर्ड रूम एवं मीटिंग हॉल कक्ष का निर्माण, कार्य, बेड़ीपुलिया, रामघाट संपर्क मार्ग से हेमंत के मकान होते हुए विनय के मकान तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, वार्ड संख्या 15 सीतापुर, राम किशोर के मकान के सामने स्थित जर्जर शौचालय को ध्वस्त कर बारातघर का निर्माण वार्ड नंबर 14 पंडित दीनदयाल नगर, एसडीएम कॉलोनी में चिल्ड्रेन पार्क के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
नगर पंचायत राजापुर द्वारा वार्ड संख्या 12 कृष्णा नगर स्थित कंपोजिट विद्यालय में चिल्ड्रेन पार्क निर्माण, वार्ड संख्या 5 आजाद नगर एवं वार्ड संख्या 6 रानी लक्ष्मीबाई पराको नगर में बारात घर निर्माण, नगर क्षेत्र में सोलर लाइट अधिष्ठापन, जनसामान्य एवं युवा वर्ग के लिए स्टडी सेंटर पुस्तकालय निर्माण, वार्ड संख्या 11 पंडित दीनदयाल नगर में बटन बनिया के मकान से कर्वी रोड होते हुए मथुरा गर्ग के मकान तक मार्ग निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।
नगर पंचायत मानिकपुर द्वारा सरहट स्थित गोविंद नगर एवं वाल्मीकि नगर पश्चिम में बारातघर निर्माण, सुभाष नगर में विनोद द्विवेदी के मकान से गुढवा मार्ग मिलान तक इंटरलॉकिंग सड़क, क्रॉसिंग पुलिया एवं नाली निर्माण, गोविंद नगर में सीताराम के मकान से सांन्तन पंडित के मकान तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण तथा वाल्मीकि नगर पश्चिम स्थित गाटा संख्या 602 की निकाय की खाली पड़ी सरकारी बंजर भूमि पर पार्क निर्माण एवं सुंदरीकरण संबंधी प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावों को निर्धारित प्रारूप में तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए तथा शासन से स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र सौंदर्यीकरण एवं सुव्यवस्थित शहरी विकास के लिए सुनियोजित कार्य योजना बनाकर कार्य करना आवश्यक है। एलआईसी तिराहे पर उपलब्ध खाली भूमि पर योगा पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने धनुष चौराहे पर स्थापित सेल्फी प्वाइंट को और अधिक आकर्षक एवं विकसित करने के लिए संबंधित संस्था को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिससे चौराहे का सौंदर्यीकरण बेहतर हो सके।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद कर्वी को निर्देशित किया कि कोठी तालाब की बाउंड्री पर पौराणिक कथाओं पर आधारित आकर्षक पेंटिंग कराई जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप कोठी तालाब स्थित पार्क में पुस्तकालय की स्थापना का भी प्रस्ताव तैयार किया जाए। डीएम ने सीतापुर स्थित रैन बसेरा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं से ही नगर की सकारात्मक छवि निर्मित होती है। उन्होंने रैन बसेरा के प्रवेश द्वार पर आकर्षक गेट एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, अवैध अतिक्रमण हटाने, एक अतिरिक्त हाईमास्ट लाइट स्थापित करने तथा बसों के सुव्यवस्थित संचालन हेतु पार्किंग एवं मार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों को कार्ययोजना में सम्मिलित करते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए। बैठक में एडीएम न्यायिक अरुण यादव, एडीएम नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव, ईओ लालजी यादव, मानिकपुर ईओ भारत सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
