चकबंदी विवाद पर किसानों का आंदोलन तेज, मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन

ग्राम अमलीकौर एवं लोहरा में चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है...

Jul 7, 2026 - 17:59
Jul 7, 2026 - 18:01
 0  19
चकबंदी विवाद पर किसानों का आंदोलन तेज, मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन

22वें दिन भी जारी क्रमिक अनशन, 6वें दिन आमरण अनशन; निष्पक्ष जांच और मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग

बांदा। ग्राम अमलीकौर एवं लोहरा में चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले 22 दिनों से क्रमिक अनशन और 6 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे किसानों ने सोमवार को जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में चित्रकूट धाम मंडल के मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय की मांग की।

किसानों ने आरोप लगाया कि चकबंदी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा किसानों को न्याय दिलाने की मांग की।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद मंडलायुक्त ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनके प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसान अपनी समस्याएं सीधे शासन के समक्ष रख सकें। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी, जिसमें चित्रकूट एवं हमीरपुर के चकबंदी विभाग के अधिकारी तथा मंडल प्रशासन की ओर से संतोष कुमार राय शामिल होंगे। समिति के गठन का आदेश शीघ्र जारी किया जाएगा।

इस अवसर पर जेडीयू की प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि किसानों का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है, लेकिन उनकी जायज मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ और मुख्यमंत्री से मिलने में बाधा उत्पन्न की गई, तो वह किसानों के साथ पैदल लखनऊ कूच करेंगी।

उन्होंने कहा कि किसानों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा और जनता दल यूनाइटेड हर परिस्थिति में किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0