बारिश से जलभराव पर सख्त डीएम, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जनपद में लगातार हो रही वर्षा के बीच जिलाधिकारी अमित आसेरी ने जलभराव की समस्या को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं...

Aug 6, 2026 - 15:35
Aug 6, 2026 - 15:35
 0  18
बारिश से जलभराव पर सख्त डीएम, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
FILE PHOTO
  • जलभराव वाले प्रत्येक स्थान का अधिकारी स्वयं करेंगे निरीक्षण
  • समस्या का तत्काल समाधान कर देना होगा प्रमाण-पत्र
  • शहर से गांव तक जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

बांदा। जनपद में लगातार हो रही वर्षा के बीच जिलाधिकारी अमित आसेरी ने जलभराव की समस्या को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें और समस्या का तत्काल एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें। प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को राहत पहुंचाना है और किसी भी स्थिति में नागरिकों को असुविधा नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक जलभराव वाले स्थान का स्थलीय निरीक्षण संबंधित अधिकारी स्वयं करेंगे। जलनिकासी की समस्या मिलने पर तत्काल समाधान कराया जाएगा तथा कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित अधिकारी यह प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करेंगे कि क्षेत्र में जलभराव की समस्या पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। नगर पालिका एवं अन्य स्थानीय निकायों के अधिकारियों को भी निस्तारण संबंधी प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुख्य विकास अधिकारी, संबंधित उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव की शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि वर्षा के दौरान किसी भी सड़क, मोहल्ले या गांव में आवागमन बाधित न होने पाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी कर आवश्यक संसाधनों के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी द्वारा निर्देशों की अनदेखी की जाती है या जलभराव की समस्या के समाधान में लापरवाही बरती जाती है, तो उसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0