नागपुर में ‘वॉटर मैन’ रामबाबू तिवारी का सम्मान, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सराहा जल संरक्षण अभियान
नागपुर में आयोजित “जल संवाद” कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बांदा जनपद के अधांव गांव निवासी प्रसिद्ध वॉटर मैन रामबाबू तिवारी...
बुन्देलखण्ड में 75 पारंपरिक तालाबों के पुनरुद्धार और जल संचयन कार्यों के लिए मिला सम्मान
बांदा। नागपुर में आयोजित “जल संवाद” कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बांदा जनपद के अधांव गांव निवासी प्रसिद्ध वॉटर मैन रामबाबू तिवारी को बुन्देलखण्ड क्षेत्र में जल संचयन, तालाब पुनरुद्धार एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर जल संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि जल संरक्षण आज देश की सबसे बड़ी आवश्यकताओं में से एक बन चुका है। उन्होंने कहा कि समाज स्तर पर किए जा रहे ऐसे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी हैं। गडकरी ने विशेष रूप से बुन्देलखण्ड जैसे जल संकटग्रस्त क्षेत्र में रामबाबू तिवारी द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि तालाबों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जनजागरण के माध्यम से उन्होंने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद रामबाबू तिवारी ने इस उपलब्धि को बुन्देलखण्ड की जनता, जल संरक्षण से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीण समुदायों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह जनभागीदारी का एक व्यापक अभियान है, जिसमें हर व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है।
गौरतलब है कि रामबाबू तिवारी ने बुन्देलखण्ड क्षेत्र में सामुदायिक सहयोग से 75 पारंपरिक तालाबों का पुनरुद्धार कराया है। इसके अलावा अमृत सरोवरों के संरक्षण और जल जागरूकता अभियानों के माध्यम से क्षेत्र में जल संकट के समाधान की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से कई गांवों में भूजल स्तर में सुधार और जल उपलब्धता में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है।
जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए रामबाबू तिवारी को पूर्व में भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा “वॉटर हीरो अवार्ड” एवं “जल प्रहरी अवार्ड” से भी सम्मानित किया जा चुका है।
इस सम्मान समारोह में विभिन्न सामाजिक संगठनों, पर्यावरणविदों और जल संरक्षण से जुड़े अनेक लोगों की उपस्थिति रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
