रेलवे स्टेशन पर सहरसा एक्सप्रेस से लावारिस बैगों में मिली 23 हजार रुपये की अंग्रेजी शराब
दीपावली एवं छठ पूजा के त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सहरसा एक्सप्रेस...
आरपीएफ और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, तीन बैगों से 24 बोतलें बरामद
बाँदा। दीपावली एवं छठ पूजा के त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सहरसा एक्सप्रेस से लावारिस हालत में रखे तीन बैगों से 24 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की कुल कीमत 23,748 रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने शराब को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग बाँदा को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को आरपीएफ बाँदा की प्रभारी निरीक्षक सुरुचि द्विवेदी के निर्देशन में ट्रेनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक विक्टर लाकड़ा, आरक्षक लाखन सिंह एवं आबकारी विभाग की टीम के साथ रेलवे स्टेशन बाँदा पर ट्रेन संख्या 19483 सहरसा एक्सप्रेस के आगमन पर जांच अभियान चलाया गया। सुबह करीब 3:04 बजे ट्रेन के कोच बी-05 की गैलरी में तीन काले रंग के पिट्ठू बैग लावारिस हालत में रखे मिले। यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी बैगों पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर उपनिरीक्षक विक्टर लाकड़ा ने हमराह स्टाफ के साथ बैगों की जांच की। तलाशी के दौरान तीनों बैगों में अंग्रेजी शराब की सीलबंद बोतलें बरामद हुईं। इनमें ICONIQ WHITE WHISKY की 750 एमएल की 12 बोतलें, जिनकी कुल कीमत 10,440 रुपये तथा ROYAL STAG WHISKY की 750 एमएल की 12 बोतलें, जिनकी कुल कीमत 13,308 रुपये बताई गई है।
इस प्रकार तीनों बैगों से कुल 24 बोतलें, 18 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत 23,748 रुपये आंकी गई। तीनों बैगों पर एचपी कंपनी का लोगो लगा हुआ था। आरपीएफ ने शराब सहित तीनों बैगों को जब्त कर पोस्ट बाँदा में सुरक्षित रखवाया।
मामले की सूचना पर आबकारी विभाग बाँदा के प्रभारी निरीक्षक पी. पिंगाक्ष त्रिपाठी अपनी टीम के साथ शाम करीब 6:05 बजे आरपीएफ पोस्ट पहुँचे। इसके बाद जब्त की गई अंग्रेजी शराब को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
