डीएम ने सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण
डीएम पुलकित गर्ग ने पटेल तिराहा से धनुष चौराहा तक कराए जा रहे पथ सौंदर्यीकरण कार्यों का आकस्मिक स्थलीय निरीक्षण किया...
कार्य में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश,
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिफ्ट किए जाए विद्युत पोल
चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग ने पटेल तिराहा से धनुष चौराहा तक कराए जा रहे पथ सौंदर्यीकरण कार्यों का आकस्मिक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि मार्ग पर स्थापित की जा रही स्ट्रीट लाइटों को पेड़ों के समीप न लगाया जाए। जिन स्थानों पर लाइटें पहले से स्थापित की जा चुकी हैं, वहां पेड़ों की टहनियों की आवश्यकतानुसार छंटाई कराई जाए। ताकि प्रकाश व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।
डीएम ने सर्विस रोड पर स्थित विद्युत पोलों को चिन्हित स्थलों पर स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत लाइनों को नियमानुसार भूमिगत कराते हुए उपभोक्ताओं को कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यकता के अनुसार पैनल बॉक्स स्थापित कराए जाएं। इसके लिए संबंधित कार्यों का विस्तृत आगणन तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। कहा कि पथ सौंदर्यीकरण के अंतर्गत कराए जा रहे सभी कार्य शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। कार्यों में लापरवाही अथवा गुणवत्ता संबंधी किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने शंभू पेट्रोल पंप तिराहे का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क के आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे विद्युत पोलों को सुरक्षित रूप से सड़क के किनारे स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर स्थित पोल दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं, इसलिए जनसुरक्षा एवं सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर शिफ्ट कराया जाए। इस दौरान एडीएम नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव, सदर एसडीएम अजय यादव सहित संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
