प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जनपदों में अत्यधिक गर्मी...
अगले 24 घंटों में लू और तेज गर्म हवाओं का खतरा, मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जनपदों में अत्यधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताते हुए रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हालात अधिक गंभीर बने रह सकते हैं।
मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट के तहत बांदा, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी सहित आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना जताई गई है।
वहीं चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली और औरैया सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज गर्म हवाओं और उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, फर्रूखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी और ललितपुर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में लू और गर्म हवाओं का असर बना रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को पूरी तरह ढककर बाहर निकलने की सलाह दी है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और गर्म हवाओं का असर लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
