नेपाल इंटरनेशनल चैंपियनशिप में बांदा की बेटी शार्वी पांडे का जलवा, दो स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया देश का मान
जनपद बांदा की होनहार बेटी शार्वी पांडे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और देश का नाम रोशन किया है...
नेपाल में भारत का किया प्रतिनिधित्व, 500 और 1000 मीटर रोलर स्केटिंग स्पर्धा में हासिल किए दो गोल्ड मेडल
बांदा। जनपद बांदा की होनहार बेटी शार्वी पांडे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और देश का नाम रोशन किया है। तहसील नरैनी के ग्राम पंचायत तरखरी निवासी विकास कुमार पांडे की पुत्री शार्वी ने नेपाल इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
भारत, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और दुबई के खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 10–12 वर्ष बालिका वर्ग की रोलर स्केटिंग स्पर्धा में शार्वी ने 500 मीटर और 1000 मीटर दोनों रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट गति, संतुलन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में विजेता घोषित होने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लहराया गया, जिसने पूरे देश को गौरवान्वित किया। शार्वी की यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग का परिणाम मानी जा रही है।
बुंदेलखंड की इस प्रतिभाशाली बेटी की उपलब्धि से पूरे बांदा जिले में खुशी की लहर है। परिवार, प्रशिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने शार्वी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि शार्वी आने वाले समय में विश्व स्तर पर भी भारत का नाम रोशन करेंगी।
शार्वी पांडे की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि मेहनत और दृढ़ संकल्प ही सफलता की असली पहचान हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
