बांदा में बैंक कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का व्यापक असर, अधिकांश शाखाओं में ठप रहा कामकाज
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का बांदा...
यूएफबीयू के आह्वान पर कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल की चेतावनी
बांदा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का बांदा जिले में व्यापक असर देखने को मिला। राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों की अधिकांश शाखाओं में कामकाज ठप रहा, जिससे बैंकिंग सेवाओं के लिए पहुंचे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने इंडियन बैंक के जोनल कार्यालय, भारतीय स्टेट बैंक के रीजनल कार्यालय और कैनरा बैंक की स्टेशन रोड शाखा के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की गई।
यूएफबीयू का आरोप है कि इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और बैंक यूनियनों के बीच हुए लिखित समझौतों को प्रभावी रूप से लागू नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों ने सरकार से समझौतों का पालन कराने और लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
ये हैं प्रमुख मांगें
बैंक कर्मचारियों ने सप्ताह में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में समयानुसार वृद्धि और महंगाई भत्ते में समानता सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा बैंकों में कर्मचारी एवं अधिकारी निदेशकों की नियुक्ति तथा लाभ आधारित प्रोत्साहन योजना को तत्काल वापस लेने की मांग भी उठाई गई।
28 सितंबर से फिर तेज होगा आंदोलन
यूएफबीयू ने मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। संगठन के अनुसार 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी। इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है।
प्रदर्शन में रावेन्द्र कुमार शुक्ला, नरेंद्र कश्यप, कुलदीप यादव, आशिफ नजमी, शशिकांत गुप्ता, अरुण अंबेडकर, दीपक गुप्ता, पराग वर्मा, शिवानी गुप्ता, ईशा सर्राफ, राजेश कुमार, राकेश गुप्ता, अजीत सोनकर, मोहित गुप्ता, सुधीर शुक्ला, ऋषि शुक्ला, महेश चौरसिया, चंद्रशेखर, अशोक, गोविंद, इंद्राज यादव, कुलदीप सोनी, नमन गुप्ता, नवल किशोर, संतोष सविता, जितेंद्र सागर, राजकुमार और दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे।
यू.पी. बैंक एम्प्लाइज यूनियन के जिला मंत्री एवं प्रदर्शन संयोजक रावेन्द्र कुमार शुक्ला ने कहा कि कर्मचारियों का आंदोलन उनकी लंबित मांगों का समाधान होने तक जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
