ड्यूटी में शिथिलता क्षम्य नहीं, सकुशल संपन्न कराएं दीपावली मेला : आयुक्त
दीपावली सोमवती अमावस्या मेला को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त अजीत कुमार...
मंडलायुक्त एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक ने मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग कर दिए निर्देश
चित्रकूट। दीपावली सोमवती अमावस्या मेला को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त अजीत कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. द्वारा रामायण मेला परिसर सीतापुर में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों द्वारा मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, स्नान घाटों की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके निर्धारित ड्यूटी स्थलों, दायित्वों एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एसपी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पितृ विसर्जनी अमावस्या एवं दीपावली के अवसर पर पवित्र मंदाकिनी नदी में स्नान, भगवान कामतानाथ के दर्शन एवं कामदगिरि परिक्रमा के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के जनपद चित्रकूट आने की संभावना है। ऐसे में प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है कि वह पूरी सतर्कता, सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं सुरक्षित तथा व्यवस्थित दर्शन की व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय से अपने ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहकर आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। ड्यूटी के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसपी ने कहा कि पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने पास वायरलेस हैंडसेट तथा लाउड हेलर अनिवार्य रूप से रखें। जिससे किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल सूचना का आदान प्रदान एवं आवश्यक दिशा निर्देश प्रसारित किए जा सकें। समस्त जोनल एवं सेक्टर प्रभारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, सतर्कता एवं कार्यशैली का निरीक्षण करें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं। मंदाकिनी नदी के स्नान घाटों, मंदिर परिसरों, कामदगिरि परिक्रमा मार्ग, प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों, पार्किंग स्थलों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता एवं निगरानी रखी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस वस्तुओं पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महिला श्रद्धालुओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। भीड़ का दबाव बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी भीड़ प्रबंधन करते हुए श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों से आवागमन कराया जाए तथा किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए। मंडलायुक्त एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा मेला ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि सभी अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। मेला क्षेत्र में स्वच्छता, सुरक्षा, अनुशासन एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय, क्षेत्राधिकारी नगर सत्येन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी मऊ फहद अली, क्षेत्राधिकारी कार्यालय करिश्मा गुप्ता, क्षेत्राधिकारी फायर यदुनाथ सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रामशीष यादव सहित मेला ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
