श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा, 200 से अधिक व्यंजनों का लगा अन्नकूट महाभोग

धर्मनगरी चित्रकूट में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संत रणछोड़ दास जी महाराज द्वारा स्थापित...

Nov 10, 2026 - 18:00
Nov 10, 2026 - 18:02
 0  2
श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा, 200 से अधिक व्यंजनों का लगा अन्नकूट महाभोग

रघुवीर मंदिर बड़ी गुफा में रामनाम संकीर्तन के साथ हुई पूजा-अर्चना, साधु-संतों के लिए आयोजित हुआ भंडारा

चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संत रणछोड़ दास जी महाराज द्वारा स्थापित श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित श्री सद्गुरु गौ सेवा केंद्र में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया गया। वहीं, जानकीकुंड स्थित रघुवीर मंदिर (बड़ी गुफा) में भी प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष रामनाम संकीर्तन के साथ भगवान गिरिराज गोवर्धन की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।

इस अवसर पर भगवान गोवर्धन जी के साथ भगवान श्रीराम एवं माता जानकी की वेद मंत्रोच्चार, भजन और आरती के साथ पूजा की गई। इसके पश्चात भगवान युगल सरकार को 200 से अधिक प्रकार के व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया गया, जिसे अन्नकूट कहा जाता है। पूरे मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में धर्मनगरी चित्रकूट के अनेक साधु-संतों के साथ श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. इलेश जैन अपनी धर्मपत्नी मौसम जैन के साथ उपस्थित रहे। इसके अलावा महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती ऊषा जैन, जिनेश जैन अपनी धर्मपत्नी श्रीमती श्रुति जैन, गुरु भाई-बहनों एवं सद्गुरु परिवार के तमाम सदस्यों ने सहभागिता की।

सभी श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के बीच भगवान की आराधना कर सुख-समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना की। आयोजन के समापन पर साधु-संतों के लिए साधु भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा और आध्यात्मिकता का सुंदर संगम देखने को मिला।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0