रातभर हुई मूसलाधार बारिश से फिर उफनाई मंदाकिनी, रामघाट की दुकानें डूबीं

अभी तबाही का खौफ लोगों के जेहन से निकला भी नहीं था कि मंदाकिनी ने मंगलवार सुबह फिर रौद्र रूप धारण कर लिया। सोमवार रात खतरे के...

Sep 2, 2026 - 12:01
Sep 2, 2026 - 12:09
 0  34
रातभर हुई मूसलाधार बारिश से फिर उफनाई मंदाकिनी, रामघाट की दुकानें डूबीं

29 अगस्त की रिकार्ड बाढ़ का खौफ अभी ताजा, घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर जाने लगे लोग

प्रतिघंटे 80 सेमी की गति से बढ़ रहा पानी, प्रशासन ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

चित्रकूट। अभी तबाही का खौफ लोगों के जेहन से निकला भी नहीं था कि मंदाकिनी ने मंगलवार सुबह फिर रौद्र रूप धारण कर लिया। सोमवार रात खतरे के निशान से नीचे आई नदी का जलस्तर रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद भोर से प्रतिघंटा करीब 80 सेमी की गति से बढ़ने लगा। सुबह 7.45 बजे नदी 128.700 मीटर पर पहुंच गई, जो खतरे के निशान 126.500 मीटर से 2.20 मीटर ऊपर है। महज साढ़े तीन घंटे में जलस्तर में करीब 2.30 मीटर की बढ़ोतरी से रामघाट की दुकानें दोबारा पानी में डूब गईं। नदी किनारे रहने वाले परिवारों में दहशत फैल गई और लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।

सुबह चार बजे मंदाकिनी का जलस्तर खतरे के निशान से महज 10 सेंटीमीटर नीचे था। इसके बाद बारिश और तेज बहाव के साथ नदी तेजी से बढ़ी। छह बजे जलस्तर 128.150 मीटर और साढ़े सात बजे 128.500 मीटर दर्ज किया गया। रामघाट में पानी बढ़ने से उन दुकानदारों की चिंता बढ़ गई, जो पिछली बाढ़ के बाद दुकानें साफ कर कारोबार शुरू करने की कोशिश कर रहे थे। मध्य प्रदेश के सीमावर्ती सतना जिले और चित्रकूट में रात से लगातार बारिश हो रही है। प्रशासन ने सोमवार को ही भारी बारिश का अलर्ट जारी कर कक्षा एक से आठ तक के विद्यालय बंद रखने के निर्देश दिए थे। लगातार एक सप्ताह से बीच-बीच में राहत के बाद मंदाकिनी का जलस्तर फिर खतरे के निशान के ऊपर पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डीएम पुलकित गर्ग एवं अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0