डीएम-एसपी ने दीपावली मेले से पूर्व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
दीपावली मेले के दृष्टिगत जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने रामघाट सहित विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर मेले...
विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर लिया जायजा
चित्रकूट। दीपावली मेले के दृष्टिगत जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने रामघाट सहित विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर मेले की तैयारियों एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रामघाट क्षेत्र में कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को सड़क के किनारे पौधरोपण एवं सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए, जिससे मार्ग की सुंदरता बढ़ाई जा सके। उन्होंने सड़कों के किनारे आवश्यक साइनेज लगवाने तथा निर्मित नालियों को ढकने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को सड़क के किनारे उपयुक्त स्थानों को चिह्नित कर स्ट्रीट लाइट लगवाने के निर्देश दिए। जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क के किनारे बने चैंबर निर्धारित मानकों के अनुरूप हों तथा उनकी ऊंचाई आवागमन में बाधक न बने।
अधिशासी अभियंता विद्युत को सड़क के समीप स्थित ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट कराने तथा सड़क के बीच में लगे विद्युत पोलों को किनारे स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन सुचारु रहे और किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न हो।
उन्होंने उतारा पुल से घाट की ओर उतरने के लिए आवश्यकतानुसार सीढ़ियों का निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही, साडा के अधिकारियों को उतारा पुल के पास नदी में एकत्रित मिट्टी को पोकलैंड मशीन के माध्यम से हटवाने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने उतारा पुल के पास नवनिर्मित रैन बसेरे का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दीपावली मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने रैन बसेरे के ऊपर स्पष्ट रूप से ‘रैन बसेरा’ लिखवाने के निर्देश भी दिए।
शाैंचालय के पास क्षतिग्रस्त फर्श की मरम्मत कराने तथा रंगाई-पुताई का कार्य पूर्ण कराने के लिए अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रामघाट पर चल रहे सभी कार्य दीपावली मेले से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण कराए जाएं। साथ ही, मंदाकिनी नदी में किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा न जाने पाए तथा नदी एवं घाट क्षेत्र में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने बताया कि रामघाट पर कुल 16 चेंजिंग रूम स्थापित किए जाने हैं, जिनमें से छह स्थापित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष चेंजिंग रूम भी समय से स्थापित किए जाएं तथा सभी की गुणवत्ता अच्छी होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने खोया-पाया केंद्र का निरीक्षण करते हुए नाले के पास क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत कराने तथा केंद्र की रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदाकिनी नदी पर बने पुल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
उन्होंने निर्देशित किया कि मेले के दौरान लगाए जाने वाले सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रहें तथा उनकी निगरानी के लिए खोया-पाया केंद्र में कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सीतापुर चौकी प्रभारी को निर्देशित किया कि रामघाट क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया जाए। निर्देशों का पालन न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने सहित आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बिहारा स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे निर्माण एवं अन्य आवश्यक कार्यों को दीपावली मेले से पूर्व पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि मेले के दौरान निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखते हुए श्रद्धालुओं एवं वाहनों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण कराए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक डॉ कंचन, उपजिलाधिकारी कर्वी अजय यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
