किशोर न्याय बोर्ड एवं संप्रेषण गृह की सुधारें व्यवस्था : डीएम
डीएम पुलकित गर्ग ने किशोर न्याय बोर्ड एवं राजकीय संप्रेषण गृह किशोर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, शिक्षण, भोजन, खेलकूद...
निरीक्षण कर सुविधाओं का लिया जायजा
चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग ने किशोर न्याय बोर्ड एवं राजकीय संप्रेषण गृह किशोर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, शिक्षण, भोजन, खेलकूद एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान राजकीय संप्रेषण गृह में कुल 67 किशोर उपस्थित पाए गए।
डीएम ने परिसर का निरीक्षण करते हुए किशोरों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के दृष्टिगत बैडमिंटन कोर्ट एवं बास्केटबॉल की सुविधा संचालित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि आवश्यक कार्यों का कोटेशन प्राप्त कराकर आवास विकास परिषद साडा के माध्यम से कार्य कराया जाए। परिसर की दीवारों पर आकर्षक एवं बाल हितैषी चित्रकारी कराने के निर्देश दिए, जिसमें खेल, फूल पौधों आदि से संबंधित चित्रों को उकेरा जाए। साथ ही महत्वपूर्ण मोबाइल नंबरों से संबंधित पुराने बैनर को बदलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से समन्वय कर स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से बालकों के लिए कंप्यूटर सहित विभिन्न उपयोगी फोर्स संचालित कराने तथा यूपीएसपीएम से समन्वय स्थापित कर कौशल विकास संबंधी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने किशोरों की शिक्षा की स्थिति की जानकारी लेते हुए पिछले वर्ष हाईस्कूल में नामांकित एवं उत्तीर्ण की संख्या के संबंध में जानकारी ली। अध्यापकों द्वारा बताया गया कि 12 किशोरों का हाईस्कूल में नामांकन हुआ था। जिनमें नौ उत्तीर्ण हुए। इसके पश्चात डीएम ने राशन वितरण एवं राशन स्टॉक रजिस्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि राशन वितरण रजिस्टर में निर्धारित मात्रा, वास्तविक वितरण तथा उपस्थित बालकों की संख्या का स्पष्ट विवरण अंकित किया जाए। सभी अभिलेख सुव्यवस्थित पाए गए। उन्होंने राशन स्टोर एवं किचन का निरीक्षण कर चावल की गुणवत्ता भी देखी। रसोइयों को स्वच्छता के दृष्टिगत सिर ढकने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पहचान पत्र पहनने के निर्देश दिए। कक्षाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने किशोरो की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मेस समिति गठित करने के निर्देश दिए। जिसमें एक किशोर, वार्डन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी को शामिल किया जाए। किशोरो ने टीवी के खराब साउंड सिस्टम को बदलने, अतिरिक्त दीवार घड़ी लगवाने तथा फोन पर वार्ता के लिए समय बढ़ाने की मांग की। जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने परिसर में विभिन्न समाचार पत्र उपलब्ध कराने तथा किसी शिक्षक द्वारा नियमित रूप से समाचार पत्रों का वाचन कराने के भी निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने किशोर न्याय बोर्ड बाल कल्याण समिति का निरीक्षण किया। सभी सदस्य उपस्थित पाए गए। इस दौरान बाल श्रम से संबंधित लगभग 14 वर्ष आयु के एक बालक के माता-पिता भी उपस्थित मिले। डीएम ने अभिभावकों को निर्देशित किया कि बालक की पढ़ाई न छुड़ाई जाए और उसे नियमित रूप से शिक्षा दिलाई जाए। समिति द्वारा फर्नीचर एवं इनवर्टर आदि की आवश्यकता बताए जाने पर डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। चाइल्ड हेल्पलाइन कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ऑपरेटर से प्राप्त शिकायतों की जानकारी ली। जिस पर बताया गया कि विगत दिवस तीन शिकायतें प्राप्त हुई थीं। डीएम ने निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का नियमित रूप से अभिलेखीकरण एवं अनुश्रवण किया जाए तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय के लिए आवश्यक ग्रुप बनाया जाए, ताकि शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी हो सके। इसके बाद डीएम ने राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण बाल आवास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
