डायट प्राचार्य बीके शर्मा ने परिषदीय विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) शिवरामपुर के प्राचार्य बीके शर्मा ने गुरुवार को पहाड़ी विकासखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय...

Sep 11, 2026 - 10:49
Sep 11, 2026 - 10:50
 0  38
डायट प्राचार्य बीके शर्मा ने परिषदीय विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

कई स्कूलों में खामियां मिलने पर बीएसए को भेजी कार्रवाई की आख्या

चित्रकूट। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) शिवरामपुर के प्राचार्य बीके शर्मा ने गुरुवार को पहाड़ी विकासखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय चकौंध समेत 10 परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षकों की उपस्थिति, एमडीएम, विद्यालय परिसर और मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में कई विद्यालयों में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि कुछ में गंभीर कमियां सामने आईं।

ईएमपीवी चकौंध में 103 में 77 छात्र उपस्थित मिले और शिक्षक शत-प्रतिशत उपस्थित रहे। उच्च प्राथमिक विद्यालय चकौंध में 108 में 63 छात्र उपस्थित मिले, जहां यूनिट टेस्ट चल रहा था। प्राथमिक विद्यालय चकजाफर में 105 में 65 छात्र मिले। यहां जर्जर भवन खड़ा मिला, जिसका अभी तक ध्वस्तीकरण नहीं हुआ है। उच्च प्राथमिक व प्राथमिक विद्यालय इटौरा में क्रमशः 169 में 102 और 140 में 83 छात्र उपस्थित मिले। प्राथमिक विद्यालय इटौरा में शौचालय-मूत्रालय की व्यवस्था नहीं मिली। एमडीएम में निर्धारित रोटी-सब्जी के स्थान पर दाल-चावल बनाया गया था। पत्र व्यवहार पंजिका में भी अनियमितता मिली। पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय अशोह में 353 में 231 छात्र उपस्थित मिले। एमडीएम पंजिका में नौ सितंबर की प्रविष्टि नहीं थी। प्रधानाध्यापक की अनुपस्थिति में प्रभार संभालने वाले सहायक अध्यापक की लापरवाही सामने आई। प्रधानाध्यापक कक्ष में सामान अस्त-व्यस्त मिला और 15 कक्ष जर्जर पाए गए। शैक्षिक परिवेश भी संतोषजनक नहीं मिला। प्राथमिक विद्यालय पांडेय पुरवा अशोह में शिक्षामित्र उमेश कुमार द्विवेदी बिना सूचना अनुपस्थित मिले, जबकि विद्यालय में बाउंड्रीवाल नहीं है।

उच्च प्राथमिक और प्राथमिक विद्यालय बाबूपुर में व्यवस्थाएं सामान्य मिलीं। प्राथमिक विद्यालय लालनपुरवा में शिक्षामित्र संध्या यादव चार वर्ष से अनुपस्थित बताई गईं। विद्यालय में पानी की व्यवस्था नहीं है और परिसर के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही है, जिसे हटाना जरूरी बताया गया।

कस्तूरबा विद्यालय चकौंध में शिक्षिका अर्चना अनुपस्थित मिलीं, जबकि वार्डन अवकाश पर थीं। कक्षा 10 और 11 की छात्राओं ने अंग्रेजी विषय की शिक्षिका नहीं होने की समस्या बताई। निरीक्षण में मिली कमियों और अनियमितताओं की आख्या डायट प्राचार्य ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0