जांबाज़ बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी का बुंदेलखंड से है गहरा रिश्ता
भारतीय सेना की ओर से हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश को गौरवान्वित करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी...

नौगांव में बीते बचपन की यादें, आज देश की शान बनीं
छतरपुर (नौगांव)। भारतीय सेना की ओर से हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश को गौरवान्वित करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी का बुंदेलखंड से गहरा नाता है। देश की इस वीर बेटी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा छतरपुर जिले के नौगांव कस्बे में पूरी की है। कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई उन्होंने जी.टी.सी. स्कूल, नौगांव से की थी।
कर्नल सोफिया भारतीय सेना की उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं जो न केवल रणनीतिक मोर्चे पर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, बल्कि देश और सेना की आवाज़ बनकर गर्व की अनुभूति करा रही हैं। हाल ही में सेना द्वारा किए गए एक अहम ऑपरेशन के बाद उन्होंने मीडिया से मुख़ातिब होकर जिस आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ बात की, वह देशवासियों के लिए प्रेरणादायक बन गया।
सोफिया के पिता भी भारतीय सेना में मेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वर्तमान में उनका परिवार बड़ौदा (गुजरात) में निवास कर रहा है, लेकिन उनके रिश्ते आज भी बुंदेलखंड से जुड़े हुए हैं। वह स्व. बबलू सुलेमान और बंटी सुलेमान के मामा की बेटी हैं। उनका यह पारिवारिक संबंध आज पूरे नौगांव और छतरपुर क्षेत्र को गर्व करने का अवसर दे रहा है।
स्थानीय नागरिकों और सोफिया के जानने वालों ने उनकी उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि यह हमारी ही बेटी है, जिसने पूरे देश का मस्तक ऊंचा कर दिया है। ऐसे जांबाज़ सैनिकों और अधिकारियों को पूरा देश सलाम करता है।
What's Your Reaction?






