MP में 10 दिन बाद भी मंत्रियों को नहीं बांटे विभाग, दिग्विजय ने कसा तंज
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया है कि मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के 8 दिन पूरे हुए। विभाग आवंटन के लिए सीएम का वर्कआउट खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा। क्या टाइगर नख-दंत विहीन, दीन-हीन हो चुका है? देखते हैं कौन अपनी टेरेटरी छोडक़र भागता है।’

भोपाल
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल विस्तार को दस दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब तक मंत्रियों को विभागों का बंटवारा नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीन दिन पहले स्वयं कहा था कि एक-दो दिन के वर्कआउट के बाद मंत्रियों को विभाग आवंटित कर दिये जाएंगे, लेकिन अब तक विभाग बंटवारे को लेकर असमंजस बरकरार है। वहीं, मंत्रियों को विभाग बंटवारा नहीं होने को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है और मुख्यमंत्री पर निशाना साध रहा है। अब पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसा है।
मध्यप्रदेश में पिछले सप्ताह गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ था। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 20 मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। इनमें 20 कैबिनेट मंत्री और आठ राज्यमंत्री शामिल हैं। मंत्रिमंडल विस्तार को शनिवार को पूरे 10 हो चुके हैं, लेकिन अब तक मंत्रियों को विभागों के बंटवारे को लेकर संशय बराबर है। बताया जा रहा है कि बड़े विभागों को लेकर सिंधिया-शिवराज के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले एक दो दिनों में सभी मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया जायेगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पिछले रविवार को मंत्रियों को विभाग आवंटन को लेकर दिल्ली भी गए थे और केन्द्रीय नेतृत्व से मुकालात के बाद वे मंगलवार को भोपाल लौटे थे। तब उन्होंने एक-दो दिन के वर्कआउट के बाद विभाग आवंटन की बात कही थी, लेकिन उन्हें दिल्ली से लौटने के चार दिन बाद भी विभाग आवंटन पर असमंजस की स्थिति है। ऐसे में विपक्ष लगातार शिवराज सरकार पर हमला कर रहा है। कांग्रेस के कई नेता विभाग आवंटन में भी सौदेबाजी के आरोप लगा चुके हैं। अब दिग्विजय सिंह ने भी शिवराज और सिंधिया पर तंज कसा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया है कि मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के 8 दिन पूरे हुए। विभाग आवंटन के लिए सीएम का वर्कआउट खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा। क्या टाइगर नख-दंत विहीन, दीन-हीन हो चुका है? देखते हैं कौन अपनी टेरेटरी छोडक़र भागता है।’ उन्होंने अगले ट्वीट में लिखा है कि ‘मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे को लेकर पूरी भाजपा दिल्ली से लेकर भोपाल में ‘वर्कआउट’ चल रहा है। यह मंत्रिमंडल के बंटवारे का झगड़ा नहीं है, यह ‘लूट’ के बंटवारे का झगड़ा है। परिवहन, एक्साइज, राजस्व, शहरी विकास आदि सिंधिया जी नहीं छोडऩा चाहेंगे। क्यों? समझ जाओगे!’
What's Your Reaction?






