उपजिलाधिकारी पैलानी की कार्यवाही पर भड़का शिक्षक संघ
उपजिलाधिकारी पैलानी की कार्यवाही से आक्रोशित शिक्षक संगठनों ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया...
कलेक्ट्रेट में धरना, जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
मांगें न मानी गईं तो 28 फरवरी को एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन, BLO व बोर्ड ड्यूटी बहिष्कार की चेतावनी
बांदा। उपजिलाधिकारी पैलानी की कार्यवाही से आक्रोशित शिक्षक संगठनों ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और जिला निर्वाचन अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बांदा के जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी तथा जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में हजारों शिक्षक-शिक्षिकाएं जीआईसी मैदान में एकत्र हुए। वहां से पैदल मार्च करते हुए नारेबाजी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
टेट अनिवार्यता पर भी जताया विरोध
टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि 20-25 वर्षों से सेवा दे रहे बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए नौकरी में बने रहने और पदोन्नति हेतु टीईटी अनिवार्य कर देना अन्यायपूर्ण है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद लाखों शिक्षकों की नौकरी पर संकट खड़ा हो गया है।
जिला मंत्री प्रजीत सिंह ने सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे समय में अध्यादेश लाकर शिक्षकों के हितों की रक्षा की जानी चाहिए थी। यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो मार्च में दिल्ली में विशाल रैली आयोजित की जाएगी।
बीएलओ शिक्षक को जेल भेजने का आरोप
शिक्षक संघ ने उपजिलाधिकारी पैलानी अंकित वर्मा पर आरोप लगाया कि तिंदवारी ब्लॉक के बीएलओ सौरभ द्विवेदी का वेतन 18 फरवरी को कार्य असंतोषजनक बताते हुए रोक दिया गया। 24 फरवरी को वेतन बहाली का अनुरोध लेकर कार्यालय पहुंचे शिक्षक को कथित रूप से अपमानित कर बिना विभागीय सूचना के जेल भेज दिया गया।
संघ ने इसे शिक्षकों का अपमान बताते हुए कहा कि यह सरकार की छवि को धूमिल करने वाला कदम है।
28 फरवरी को सांकेतिक धरना, बहिष्कार की चेतावनी
शिक्षक नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई तो 28 फरवरी को उपजिलाधिकारी पैलानी कार्यालय में साढ़े तीन से साढ़े चार बजे तक सांकेतिक धरना दिया जाएगा। इसके बाद भी समाधान न होने पर BLO ड्यूटी, SIR कार्य तथा बोर्ड परीक्षा ड्यूटी के बहिष्कार का निर्णय लिया जा सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
ज्ञापन कार्यक्रम में महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष सुधा राजपूत सहित विभिन्न संगठनों के ब्लॉक अध्यक्ष, मंत्री, जनपदीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
