बांदा मिनी ओलंपिक : बालिका वॉलीबाल में भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी का दबदबा
बांदा मिनी ओलंपिक के प्रथम चरण के तृतीय दिवस सोमवार को बालिका जूनियर एवं सीनियर वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिताएं रोमांच से भरपूर रहीं...
जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में एकेडमी ने जीता खिताब, फाइनल मुकाबले रहे रोमांचक
बांदा। बांदा मिनी ओलंपिक के प्रथम चरण के तृतीय दिवस सोमवार को बालिका जूनियर एवं सीनियर वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिताएं रोमांच से भरपूर रहीं। दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबलों में भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी, बांदा की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय शूटर रामेंद्र शर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपक्रीड़ा अधिकारी कल्पना कमल, जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के सचिव शिवकुमार गुप्ता, जिला ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. इंद्रवीर सिंह, जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव कमल यादव, बुंदेलखंड खेल प्रोत्साहन समिति के उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह, पूर्व खेल शिक्षिका अंतिमा श्रीवास्तव, हॉकी कोच फरजाना, अमित सिंह, ओलंपिक संघ के मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना, महेश साहिल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जूनियर वर्ग में रोमांचक मुकाबले
बालिका जूनियर वर्ग के पहले सेमीफाइनल में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बड़ोखर खुर्द ने यूरो कैंपस वॉलीबाल क्लब को 25-20, 25-18 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय को 25-15, 25-17 से शिकस्त दी।
फाइनल में भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बड़ोखर खुर्द के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। एकेडमी की टीम ने 25-21, 25-23 से जीत दर्ज कर जूनियर वर्ग का खिताब अपने नाम किया।
सीनियर वर्ग में भी एकेडमी चैंपियन
सीनियर वर्ग के पहले सेमीफाइनल में भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी ने तथागत ज्ञानस्थली अतर्रा को 25-10, 25-12 से हराया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भागवत प्रसाद इंटर कॉलेज ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय को 25-19, 25-12 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी और भागवत प्रसाद इंटर कॉलेज ने एक-एक सेट जीतकर मुकाबले को निर्णायक तीसरे सेट तक पहुंचाया। निर्णायक सेट में एकेडमी की खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 14-25, 25-14, 25-15 के अंतर से जीत दर्ज कर सीनियर वर्ग का खिताब भी अपने नाम कर लिया।
खेलों से युवाओं को जोड़ने की पहल को समर्थन
आयोजकों के अनुसार, जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी की युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ने की पहल को आमजन का समर्थन मिल रहा है। डिप्टी कलेक्टर एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी अंकित बर्मा के मार्गदर्शन में स्टेडियम में वॉलीबाल और हार्पर क्लब में शूटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
वॉलीबाल मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका प्रकाश पाण्डेय, पवन निषाद और अनवर अहमद ने निभाई। बालिका वर्ग में कुल आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में अभिषेक कुमार, महेश गर्ग, शिव प्रताप सिंह चंदेल, राहुल शुक्ला, सत्येंद्र कुमार, विक्रम कुमार, प्रदीप कुमार बर्मा एवं प्रमोद कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का संचालन डॉ. इंद्रवीर सिंह ने किया।
मंगलवार से बालक वर्ग के मुकाबले
बांदा मिनी ओलंपिक के तहत मंगलवार को सुबह 9 बजे से वॉलीबाल जूनियर बालक वर्ग के मुकाबले शुरू होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
