प्रेम प्रसंग में इंटर के छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
शहर के कोतवाली क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक 19 वर्षीय छात्र ने ट्रेन से कटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली...
क्योटरा रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
बांदा। शहर के कोतवाली क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक 19 वर्षीय छात्र ने ट्रेन से कटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक का शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में बंटा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेब में रखे चालू मोबाइल के जरिए शिनाख्त की और परिजनों को सूचित किया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
परीक्षा की तैयारी के बीच उठाया खौफनाक कदम
जरैली कोठी मोहल्ला निवासी राजा अनुरागी (19) पुत्र राजेंद्र कुमार अनुरागी ने प्राइवेट से इंटरमीडिएट का फॉर्म भरा था। उसका परीक्षा केंद्र तिंदवारा स्थित एक विद्यालय में गया था। मंगलवार को वह अपने दोस्तों के साथ सेंटर देखने गया था और वहां से लौटने के बाद उसने परीक्षा के लिए पेन, पेंसिल और पटरी जैसी सामग्री भी खरीदी थी।
'चौराहे पर हूँ' कहकर निकला था घर से
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार शाम वह बिना बताए घर से निकला था। रात में जब मां नीतू ने खाना खाने के लिए उसे फोन किया, तो राजा ने कहा कि वह अभी चौराहे पर है और थोड़ी देर में घर आ जाएगा। लेकिन उसके बाद उसने दोबारा फोन नहीं उठाया। देर रात उसने क्योतरा रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली।
दो भागों में बंट गया शरीर
सुबह जब वहां से गुजर रहे राहगीरों ने युवक का क्षत-विक्षत शव देखा, तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी ली तो मृतक की जेब से चालू हालत में मोबाइल मिला, जिससे उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। बताया जा रहा है कि उसके बड़े भाई श्याम बाबू की भी कुछ साल पहले तालाब में डूबने से मौत हो चुकी है।
प्रेम विवाह की जिद बनी मौत का कारण
मृतक के फुफेरे भाई देवानंद ने बताया कि राजा का परिवार की ही एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उस महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी बात से आहत होकर और मानसिक तनाव के चलते उसने आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
