नन्द गोपाल नंदी से हटा UPEIDA, सीधे मुख्यमंत्री के अधीन आया कामकाज
उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के कार्यों की जिम्मेदारी में बदलाव किया है...
शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फैसला, यूपीडा का कार्यभार अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग को सौंपा गया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के कार्यों की जिम्मेदारी में बदलाव किया है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नंदी' के पास से यूपीडा से संबंधित दायित्व वापस ले लिए गए हैं।
सरकारी व्यवस्था में हुए इस बदलाव के बाद अब उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) का कार्यभार अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के माध्यम से संचालित किया जाएगा। यह विभाग सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अधीन है।
यूपीडा प्रदेश में एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के विकास, औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने तथा एक्सप्रेसवे आधारित औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन करता है। ऐसे में इस विभाग के कार्यों को मुख्यमंत्री के अधीन लाए जाने को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि सरकार की ओर से इसे प्रशासनिक पुनर्गठन और कार्यों के बेहतर समन्वय की दिशा में उठाया गया कदम बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि यूपीडा प्रदेश की कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं जैसे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और औद्योगिक कॉरिडोर विकास योजनाओं से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इसके कार्यों की निगरानी अब सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय के अधीन होने से परियोजनाओं की गति और समन्वय पर विशेष प्रभाव पड़ सकता है।
फिलहाल शासन स्तर पर जारी आदेश के बाद संबंधित विभागों में आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
