शक्तिशाली घुटनों के लिए करें जानू शक्ति विकासक क्रिया : रमेश राजपूत

जिला मुख्यालय के कुबेर गंज निवासी योगाचार्य रमेश सिंह राजपूत ने पैरों के घुटनों को निरोगी और शक्तिशाली बनाने वाले सूक्ष्म योग जानू शक्ति विकासक क्रिया का अभ्यास...

Dec 8, 2025 - 10:28
Dec 8, 2025 - 10:29
 0  10
शक्तिशाली घुटनों के लिए करें जानू शक्ति विकासक क्रिया : रमेश राजपूत

चित्रकूट। जिला मुख्यालय के कुबेर गंज निवासी योगाचार्य रमेश सिंह राजपूत ने पैरों के घुटनों को निरोगी और शक्तिशाली बनाने वाले सूक्ष्म योग जानू शक्ति विकासक क्रिया का अभ्यास कराते हुए बताया कि जानू का मतलब घुटना होता है। बताया कि घुटनों में दर्द होने से चलना-फिरना, उठना-बैठना, चढ़ना-उतरना मुश्किल हो जाता है। जिससे राहत पाने में जानू शक्ति विकासक क्रिया का नियमित अभ्यास करना चाहिए।

योगाचार्य ने बताया कि पैर के घुटने तीन मुख्य हड्डियों को मिलाने वाला जोड़ है, जिसमें जांघ की हड्डी (फीमर), पिंडली की हड्डी (टिबिया) तथा पटेला (टोपी), स्नायु बंधन (लिगामेंटस), उपास्थि (कार्टिलेज), टेंडन और मांसपेशियों से एक साथ जुड़ी होती हैं। लिगामेंटस जोड़ को स्थिरता प्रदान करते हैं तथा कार्टिलेज चिकनी फिसलनदार उपास्थि हड्डियों के सिरों को ढकती है, जिससे घर्षण कम होता है और जोड़ को चिकनाई मिलती है। टेंडन और मांसपेशियां घुटनों को गति प्रदान करते हैं। घुटना एक सायनोवियल जोड़ है, जिसमें एक तरल पदार्थ जोड़ को चिकनाई और पोषण देता है। घुटनों में दर्द के अनेक कारण हो सकते हैं। चोट, गठिया और बढ़ती उम्र के साथ बढ़ता शारीरिक वजन। घुटनों के दर्द से मुक्ति पाने के लिए बॉडी वेट नियंत्रण, उचित योग व्यायाम, पोषण युक्त भोजन और शारीरिक आराम के प्रति जागरूक होना चाहिए। सूक्ष्म योग व्यायाम में जानू शक्ति विकासक योग एक सार्थक और रामबाण उपाय है, जो घुटनों को मजबूती व सुरक्षा देता है। साथ ही जोड़ों के दर्द गठिया में सुधार लाता है। खिलाड़ियों के लिए यह योग बहुत ही उपयोगी है, इसके अभ्यास से घुटने सुंदर, सुडौल और शक्तिशाली बनते हैं। बताया कि इसे करने के लिए साम्यावस्था में खड़े होते हैं तथा श्वास खींचते हुए बाएं पैर की एड़ी को ऊपर उठाकर नितंब से स्पर्श कराते हैं और श्वास छोड़ते हुए पैर को जैसे फुटबॉल में किक मारते हैं ठीक वैसे ही सामने की ओर फेंकते हैं। इसी विधि को दाहिने पैर से भी इसे करते हैं। यह क्रिया 10 बार दोहराते हैं। सावधानी के तौर पर घुटनों में चोट की दशा में चिकित्सक से परामर्श आवश्यक है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0