स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर एवं उद्यमी बनाने पर दिया जोर

डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों...

Aug 1, 2026 - 12:53
Aug 1, 2026 - 12:54
 0  5
स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर एवं उद्यमी बनाने पर दिया जोर

समूहो को स्थानीय संसाधनो से जोड़कर बनाएं सशक्त: डीएम

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं की समीक्षा

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में स्वयं सहायता समूहों के सुदृढ़ीकरण, उद्यम विकास, विपणन, आजीविका संवर्धन तथा रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

डीएम ने स्वयं सहायता समूहों के गठन एवं मैपिंग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि समूहों को स्थानीय संसाधनों पर आधारित स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए। उन्होंने जनपद के ओडीओपी एक जनपद, एक उत्पाद के अंतर्गत तैयार किए जा रहे गणेश प्रतिमा एवं खिलौनों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में आने वाले विशिष्ट अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों को पारंपरिक बुके के स्थान पर स्थानीय उत्पाद भेंट किए जाएं। एचसीएल फाउंडेशन द्वारा कैमोमाइल के माध्यम से सरसों की खरीद तथा अरहर उत्पादन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए हा कि यदि जनपद में ही उत्पादों का प्रसंस्करण एवं विनिर्माण किया जाए तो स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के अवसरों में और वृद्धि होगी। जिला चिकित्सालय में संचालित प्रेरणा कैंटीन की समीक्षा करते हुए वर्तमान संचालन व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैंटीन में मिलेट आधारित खाद्य सामग्री तथा ओडीओपी के उत्पादों को प्रमुखता से उपलब्ध कराया जाए। सभी कैंटीनों में निर्धारित मेन्यू अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नाफेड के माध्यम से उपलब्ध मिलेट आधारित उत्पादों का उपयोग सरकारी कार्यालयों एवं बैठकों में किया जाए। डेयरी गतिविधियों की समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित दुग्ध उत्पादन एवं विपणन की जानकारी प्राप्त करते हुए इस क्षेत्र को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने मऊ, मानिकपुर एवं पहाड़ी विकास खंडों के खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिषदीय विद्यालयों में संचालित कैंटीनों का नियमित निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि संचालन पूर्णतः स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कैंटीन संचालन में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए।

बैठक में ग्राम पंचायत बगरेही में अमरूद उत्पादन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि बंदरों द्वारा फलों एवं फूलों को नुकसान पहुंचाए जाने से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी समाधान एवं संरक्षणात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मऊ क्षेत्र में मूज से निर्मित उत्पादों की जानकारी प्राप्त करते हुए इन उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की तथा निर्देश दिए कि इनके विपणन के लिए ब्लॉक एवं तहसील स्तर की कैंटीनों में बिक्री की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिला कलक्ट्रेट परिसर में स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित मॉडल कैंटीन स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टार्टअप फंड की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से पहाड़ी विकास खंड की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। आरएफ एवं सीआईएफ की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित अधिकारी प्रगति में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें। टीएचआर के संबंध में निर्देश दिए कि कार्यकुशल स्वयं सहायता समूहों को ही प्राथमिकता दी जाए तथा कच्चे माल की खरीद भी यथासंभव स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों, जैसे परानू बाबा, लालापुर एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर प्रेरणा मॉडल कैंटीन स्थापित की जाएं।कृषि विभाग के एफपीओ से समन्वय स्थापित कर समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीद एवं विपणन के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए। स्थानीय उत्पाद महुआ से निर्मित सामग्री को भी कैंटीनों में स्थान दिया जाए।

बैठक के अंत में डीएम ने खंड विकास अधिकारियों, जिला मिशन प्रबंधक एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधकों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में उपयोग होने वाली स्टेशनरी, फाइल फोल्डर, पेन, पेंसिल एवं अन्य आवश्यक सामग्री स्वयं सहायता समूहों से ही क्रय की जाए। साथ ही प्रत्येक ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टेशनरी एवं फोटोकॉपी केंद्र स्थापित कराए जाएं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें। बैठक में डीसी मनरेगा डीएम पांडेय, जिला मिशन प्रबंधन इकाई के अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0