मासिक सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कर डीएम-एसपी ने सुधार के दिए निर्देश

डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता तथा एसपी अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में मासिक सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई...

Jul 23, 2026 - 10:59
Jul 23, 2026 - 11:00
 0  9
मासिक सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कर डीएम-एसपी ने सुधार के दिए निर्देश

सड़क हादसों एवं मृतकों की संख्या में 15 प्रतिशत की आई कमी

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता तथा एसपी अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में मासिक सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।

डीएम ने कहा कि जनपद में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रभावी प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि जून 2025 की तुलना में जून 2026 तक सड़क दुर्घटनाओं, मृतकों एवं घायलों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। ’जून 2025 में जनपद में 217 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जबकि जून 2026 में यह संख्या घटकर 183 रह गई। इसी प्रकार सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या जून 2025 में 117 थी जो जून 2026 में घटकर 104 हो गई। इस प्रकार मृतकों की संख्या में लगभग 15 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, घायलों की संख्या वर्ष 2025 में 212 से घटकर वर्ष 2026 में 155 रह गई है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2026 में जनपद में 17 ब्लैक स्पॉट तथा अन्य जिला मार्ग (ओडीआर) पर 2 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। इस प्रकार जनपद में कुल 19 ब्लैक स्पॉट चिन्हित हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी ब्लैक स्पॉट स्थलों पर स्पीड कंट्रोल, रंबल स्ट्रिप, चेतावनी संकेतक एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 को निर्देशित किया कि सभी ब्लैक स्पॉट स्थलों पर कराए गए कार्यों का विवरण फोटोग्राफ सहित उपलब्ध कराया जाए।

डीएम ने कहा कि पुरानी कोतवाली चौराहा भी दुर्घटना संभावित स्थल है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-35 के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थल पर डिवाइडर निर्माण की कार्य योजना तैयार करें। स्थायी व्यवस्था होने तक अस्थायी रूप से स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल कराए जाएं। उन्होंने पुलिस लाइन से शंभू पेट्रोल पंप तक सड़क को गड्ढामुक्त कराने तथा आवश्यक सड़क सुरक्षा उपकरण स्थापित कराने के निर्देश दिए। साथ ही खोह से भंौंरी तक बनाए गए डिवाइडरों की मरम्मत कर उन्हें दुरुस्त कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। बताया गया कि जनपद में ओवरस्पीडिंग एवं बिना हेलमेट वाहन चलाने के मामलों में सर्वाधिक चालान किए गए हैं। डीएम ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी सहायता करता है, तो शासन को प्रस्ताव प्रेषित किए जाने के उपरांत पात्र व्यक्ति को सरकार द्वारा 25 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। बैठक में सीएमओ डॉ. महेंद्र त्रिपाठी, यात्री एवं मालकर अधिकारी दीप्ति त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0