जिला उद्योग बंधु की बैठक संपन्न, औद्योगिक एवं स्वरोजगार योजनाओं की हुई समीक्षा

डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई...

Jul 21, 2026 - 10:20
Jul 21, 2026 - 10:20
 0  9
जिला उद्योग बंधु की बैठक संपन्न, औद्योगिक एवं स्वरोजगार योजनाओं की हुई समीक्षा

लंबित न रहें सीएम युवा स्वरोजगार योजना के आवेदन: डीएम

सरदार वल्लभभाई पटेल इम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन की स्थापना को चिन्हित की जाएगी भूमि

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। इस दौरान विगत माह की कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। निवेश मित्र पोर्टल, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद ऋण योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के डीएम ने स्पष्ट किया कि सीएम युवा स्वरोजगार योजना मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बैंकों को सख्त निर्देश दिए कि वित्तीय स्वीकृतियों से संबंधित कोई भी पत्रावली बैंक शाखाओं में लंबित न रहे। उन्होंने लक्ष्य को समय से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिथिलता के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित होती है। बैंकों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत जितने भी आवेदन पत्र स्वीकृत हो चुके हैं उनके सापेक्ष एक सप्ताह के भीतर ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जिन बैंक शाखाओं में पेंडेंसी अत्यधिक है उनके प्रबंधकों को पृथक से आहूत कर प्रगति सुधारने के लिए कड़े निर्देश जारी किए जाएं। मेसर्स राधा रानी हॉस्पिटैलिटी बेड़ी पुलिया कर्वी के विद्युत कनेक्शन की समस्या का संज्ञान लेते हुए डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर विद्युत कनेक्शन कराएं।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशानुसार प्रदेश के सभी जनपदों में सरदार वल्लभभाई पटेल इम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन की स्थापना की जानी है। जनपद में इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन भी किया जाना है। यह योजना औद्योगिक परिदृश्य के साथ साथ जनपद की तस्वीर को बदलने में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। इसके लिए जनपद मुख्यालय से 20 किमी की परिधि में 50 एकड़ भूमि का चिन्हांकन किया जाना है। उक्त भूमि हाईटेंशन विद्युत तारों से सर्वथा मुक्त, सुदृढ़ सड़क कनेक्टिविटी तथा सुलभ विद्युत आपूर्ति से युक्त होनी चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए समस्त ग्राम प्रधानों को जागरूक व अवगत कराया जाए। ताकि समय से भूमि का हस्तांतरण उद्योग विभाग के पक्ष में किया जा सके। बैठक में सीडीओ डीपी पाल, एडीएम चंद्रशेखर, उपायुक्त उद्योग चंद्रप्रकाश पटेल, पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश, जिला महामंत्री उद्योग व्यापार मंडल गुलाब गुप्ता, जिला अध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल राजीव अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व उद्यमी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0