21 सूत्रीय मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ का धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के प्रांतीय कार्यसमिति के निर्णय के क्रम में मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक...
बांदा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के प्रांतीय कार्यसमिति के निर्णय के क्रम में मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय, बांदा परिसर में शिक्षकों ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। धरने के उपरांत प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 21 सूत्रीय मांगपत्र एवं जनपदीय समस्याओं से संबंधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा गया।
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष केदार वर्मा ने कहा कि प्रदेश के सभी अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का राजकीयकरण किया जाए, ताकि अमीर और गरीब सभी वर्गों के बच्चों को समान शिक्षा का अवसर मिल सके। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने, माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की सेवा सुरक्षा संबंधी धाराओं को यथावत रखने, तदर्थ प्रधानाचार्यों को नियमित वेतन देने तथा ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया की सभी विसंगतियों को दूर करने की मांग की।
उन्होंने शिक्षा विभाग में पारदर्शिता लाने के लिए सभी कार्यालयों में ई-फाइलिंग व्यवस्था लागू करने तथा शासनादेश के अनुसार प्रत्येक पटल पर तीन दिन के भीतर फाइलों का निस्तारण सुनिश्चित किए जाने की भी मांग उठाई।
जनपदीय संरक्षक जानकी शरण शुक्ल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप प्रदेश में राज्य शिक्षा आयोग की स्थापना, 18 वर्ष तक के बच्चों को आरटीई के तहत निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा उपलब्ध कराने तथा स्ववित्तपोषित एवं वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को सेवा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। उन्होंने वित्तविहीन विद्यालयों में छात्र संख्या के आधार पर शिक्षकों की नियुक्ति और मानव संपदा पोर्टल पर उनका विवरण दर्ज कराने पर भी जोर दिया।
संगठन के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाहा ने शिक्षकों के जीपीएफ खातों का संचालन ऑनलाइन करने, कला, संगीत, व्यायाम, भाषा एवं शिल्प विषय के शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ देने, वर्ष 2014 से नियुक्त शिक्षकों की सामूहिक बीमा कटौती पुनः शुरू कराने, एनपीएस एवं पुरानी पेंशन से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा शिक्षकों के विशेष अवकाश सहित विभिन्न सेवा संबंधी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
ज्ञापन में जनपद स्तर की समस्याओं का भी उल्लेख किया गया। इसमें अप्रैल 2019 से कट चुकी एनपीएस राशि को प्रान खातों में जमा कराने, लंबित एरियरों का भुगतान, विभिन्न शिक्षकों के वेतन एवं वेतनमान संबंधी प्रकरणों का निस्तारण, कैशलेस चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रकरणों का शीघ्र निपटारा तथा एनपीएस खातों की त्रुटियों को दूर कराने की मांग की गई।
धरने के दौरान चित्रकूटधाम मंडल बांदा में शिक्षा विभाग के मंडलीय डीडीआर एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में अधिकारियों की नियमित अनुपस्थिति पर भी शिक्षकों ने नाराजगी जताई और इसे शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर समस्या बताया।
धरने की अध्यक्षता दादूराम वर्मा ने की। संगठन के जिला मंत्री मोहम्मद बाकर ने सभी शिक्षक एवं शिक्षिका साथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन संगठन मंत्री पुष्पेंद्र कुमार त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर अंकिता द्विवेदी, निर्मला देवी, भूपेंद्र सिंह परिहार, राजीव कुमार, प्रेम सिंह, असीम कुमार, कृष्णकांत पाल, प्रदीप सिंह, शिवनारायण पटेल, अजय कुमार गुप्ता, रमाकांत गर्ग, विपिन कुमार दुबे, सर्वेश कुमार, पंच भैया प्रसाद, हरिशरण चौरसिया, अखिलेश शुक्ला, जय सिंह, अन्नपूर्णा देवी, कमलाकांत, लक्ष्मीकांत शुक्ला, दिलीप कुमार शुक्ला, मुकेश चंद, राम शिवहरे, कृष्ण पांडेय, जमीर अहमद खान, सुदीप सिंह, धर्मराज, विजय कुमार, कृष्ण बिहारी, इंद्रजीत सिंह, घनश्याम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
