ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिए अहम निर्देश
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं ग्राम्य विकास मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्रामीण स्वरोजगार कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण योजनाओं...
स्वरोजगार प्रशिक्षण, बैंक ऋण और कौशल विकास कार्यक्रमों को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश, 2027 तक रोजगारयुक्त उत्तर प्रदेश का लक्ष्य
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं ग्राम्य विकास मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्रामीण स्वरोजगार कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार जिला, विकास खंड और ग्राम स्तर तक सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण युवा और महिलाएं इनका लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनकी रुचि एवं स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंकों से समन्वय कर आवश्यक ऋण उपलब्ध कराने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "विकसित भारत" के संकल्प को साकार करने के लिए "विकसित उत्तर प्रदेश" का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने वर्ष 2027 तक युवाओं को कौशलयुक्त एवं रोजगारयुक्त बनाने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त कर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को दोहराया।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कृषि, दुग्ध उत्पादन, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन, बागवानी, ड्रेस डिजाइनिंग, अगरबत्ती निर्माण, मोबाइल रिपेयरिंग, कंप्यूटर हार्डवेयर, ब्यूटीशियन, फोटोग्राफी, हॉस्पिटैलिटी सहित अनेक रोजगारपरक एवं उद्यमिता आधारित प्रशिक्षण संचालित किए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रशिक्षण कार्यक्रम में तकनीकी कौशल के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, वित्तीय साक्षरता, उद्यमिता विकास और विपणन प्रशिक्षण को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए, ताकि प्रशिक्षार्थी सफल उद्यमी बनकर प्रदेश के ग्रामीण आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
