मासिक सड़क सुरक्षा समिति की हुई बैठक, वर्ष 2026 अक्टूबर तक दुर्घटनाओं में आई कमी

डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता एवं एसपी अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में मासिक सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई...

Nov 27, 2026 - 11:15
Nov 27, 2026 - 11:15
 0  1
मासिक सड़क सुरक्षा समिति की हुई बैठक, वर्ष 2026 अक्टूबर तक दुर्घटनाओं में आई कमी

हादसों में कमी लाने के लिए उठाए जाएं प्रभावी कदम: डीएम

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता एवं एसपी अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में मासिक सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार तथा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में डीएम ने बताया कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आई है। वर्ष 2025 में जहां कुल 305 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, वहीं वर्ष 2026 में यह संख्या घटकर 261 रह गई है। इसी प्रकार सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों एवं घायलों की संख्या भी वर्ष 2025 के 158 के सापेक्ष वर्ष 2026 में घटकर 147 रह गई है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में और अधिक कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों के परिजनों को शासन द्वारा अनुमन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने से संबंधित लंबित प्रकरणों में शीघ्र प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर बार-बार सड़क दुर्घटनाएं हो रही है उन्हें दुर्घटना संभावित स्थल के रूप में चिह्नित कर आवश्यक इंजीनियरिंग सुधार कराए जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एवं यातायात प्रभारी को संयुक्त रूप से दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि सभी ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक साइनेज लगाए जाएं तथा जहां तेज गति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका अधिक है, वहां गति सीमा संबंधी संकेतक भी अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।

डीएम ने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि जनपद में हुई सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में वाहन चालकों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की क्रमवार रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इसमें एफआईआर एवं आरोप पत्र की स्थिति तथा निरस्त किए गए ड्राइविंग लाइसेंस की संख्या का विवरण भी शामिल किया जाए। उन्होंने ओवरलोडिंग करने वाले ट्रैक्टरों एवं अन्य वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस के घटना स्थल पर पहुंचने में लगे समय तथा घायलों को उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकीय सहायता एवं रिस्पॉन्स टाइम का नियमित विवरण तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। ताकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावशीलता का आकलन किया जा सके। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर गड्ढों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल मरम्मत कराते हुए सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जाए। तथा सड़क सुरक्षा के सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 अखिलेश कुमार, एनएच बांदा तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-731ए से संबंधित अधिकारी आदि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0