स्टंटबाज बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में पलटी पुलिस की जीप, होमगार्ड की हुई मौत

राठ–उरई मार्ग पर जरीया थाना क्षेत्र के चुरहा मोड़ के पास रविवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया...

Feb 9, 2026 - 12:46
Feb 9, 2026 - 12:47
 0  6
स्टंटबाज बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में पलटी पुलिस की जीप, होमगार्ड की हुई मौत

राठ (हमीरपुर)। राठ–उरई मार्ग पर जरीया थाना क्षेत्र के चुरहा मोड़ के पास रविवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब चिकासी थाना पुलिस की सरकारी जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में चिकासी थाने में तैनात होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक उपनिरीक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

थाना प्रभारी मयंक चंदेल ने बताया कि चिकासी थाना में तैनात दरोगा मोहित देव, ग्राम रिहूंता निवासी होमगार्ड ब्रजेंद्र राजपूत (55) पुत्र बाबूराम के साथ एक मामले में शव का पोस्टमार्टम कराने राठ नगर गए थे। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर दोनों दोपहर के समय सरकारी जीप से चिकासी थाना लौट रहे थे। इसी दौरान चुरहा मोड़ के पास अचानक सामने आ गए स्टंटबाज बाइक सवार युवकों को बचाने के प्रयास में चालक ने तेज ब्रेक लगाया, जिससे जीप अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में होमगार्ड ब्रजेंद्र राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दरोगा मोहित देव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दरोगा को पहले सीएचसी गोहांड ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उरई रेफर कर दिया गया।

घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी सरीला शाहरुख खान ने बताया कि सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में जीप का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। सूचना मिलते ही जरीया थाना प्रभारी दिनेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य कराया।

पुलिस ने मृतक होमगार्ड के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों के साथ वाहन की तकनीकी स्थिति की भी जांच की जा रही है।

रिपोर्ट : अमित निगम, (राठ) हमीरपुर...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0