सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने एक साथ पढ़ी संविधान की प्रस्तावना
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को चित्रकूट इंटर कॉलेज का प्रांगण देशभक्ति और संविधान के मूल्यों के रंग में रंग गया...
सीआईसी में गूंजा एक स्वर, एक संविधान का नारा
अपर जिला जज ने दिलाई शपथ, जिले के कई विद्यालयों की रही सहभागिता
चित्रकूट। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को चित्रकूट इंटर कॉलेज का प्रांगण देशभक्ति और संविधान के मूल्यों के रंग में रंग गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एक स्वर, एक संविधान कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। जैसे ही घड़ी में 8ः55 बजे पूरा विद्यालय प्रांगण एक स्वर में गूंज उठा। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, न्यायिक अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने एक साथ खड़े होकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अपर जिला जज रेनू मिश्रा ने उपस्थित सभी लोगों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आज का दिन सबके लिए बहुत ही गौरव का दिन है। 26 नवंबर 1949 को संविधान को अपनाया गया था। यह वही संविधान है जिसने हर नागरिक को बराबर का अधिकार दिया, चाहे वह अमीर हो या गरीब, किसी भी जाति धर्म का हो। उन्होंने कहा कि संविधान सिर्फ एक किताब नहीं है, यह भारत की आत्मा है। इसमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के जो मूल्य दिए गए हैं, वही हमारे देश की असली ताकत हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि देश का भविष्य हैं। संविधान को सिर्फ पढ़ें नहीं, बल्कि उसे समझें और अपने जीवन में उतारें। जब अपने कर्तव्यों को निभाएंगे तभी आपके अधिकारों की रक्षा होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक रवि शंकर ने कहा कि इस कार्यक्रम में केवल चित्रकूट इंटर कॉलेज ही नहीं बल्कि जिले के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की। जनपद के सभी विद्यालयों में एक ही समय पर प्रस्तावना का पाठ किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव इला चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना है। युवा पीढ़ी को संविधान के प्रति जागरूक करना बहुत जरूरी है। जब पूरा देश एक ही समय पर एक ही स्वर में प्रस्तावना पढ़ेगा तो यह एकता और अखंडता का बड़ा संदेश जाएगा। गीतकार राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक लालमन ने देश व्यवस्था के लाने जो बना दिवो विधान, वह है अपनो संविधान गीत सुनाकर कार्यक्रम में चार चांद लगाने का काम किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संविधान के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर पीएलवी बलबीर सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात करिश्मा गुप्ता, मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाचार्य जेपी मिश्रा, सुरेंद्र कुमार जिला सूचना अधिकारी, प्रधानाचार्य डॉ रणवीर सिंह चौहान, श्रीनिवास त्रिपाठी, फूलचंद चंद्रवंशी, विजय कुमार पांडेय, जयशंकर प्रसाद ओझा, डॉ प्रदीप सिंह, प्रो रामगोपाल दुबे, रामबचन सिंह, एनसीसी अधिकारी सुनील शुक्ला, ऋषि कुमार शुक्ला, रामेश्वर प्रसाद प्रजापति, डॉ ज्ञानेंद्र, चौधरी, शंकर प्रसाद यादव, रमेश सिंह, डॉ आलोक शुक्ला आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
