डीएलएड प्रशिक्षुओं का शैक्षिक भ्रमण दल रवाना

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शिवरामपुर के डीएलएड 2024 बैच के प्रशिक्षुओं का शैक्षिक भ्रमण प्राचार्य बीके शर्मा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में...

Nov 5, 2026 - 10:05
Nov 5, 2026 - 10:06
 0  1
डीएलएड प्रशिक्षुओं का शैक्षिक भ्रमण दल रवाना

प्राचार्य डायट के निर्देशन में संत-महात्माओं ने दिखाई हरी झंडी

चित्रकूट। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शिवरामपुर के डीएलएड 2024 बैच के प्रशिक्षुओं का शैक्षिक भ्रमण प्राचार्य बीके शर्मा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के शैक्षिक एवं आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। भ्रमण दल को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शिवरामपुर चित्रकूट में  आयोजित कार्यक्रम के दौरान संत, महात्माओं द्वारा अंगवस्त्र भेंटकर तथा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर निर्मोही अखाड़ा के महंत दीनदयाल दास महाराज, महानिर्वाणी अखाड़ा चिकनी मंदिर परिक्रमा के महंत आदित्य महाराज तथा कामदगिरि पर्वत के महाआरती आचार्य डॉ. विपिन विराट महाराज की उपस्थिति रही। संत-महात्माओं ने प्रशिक्षुओं को अंगवस्त्र भेंटकर आशीर्वाद प्रदान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, यात्रा और ज्ञानवर्धक अनुभवों की मंगल कामना की। इसके उपरांत सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर भ्रमण दल को रवाना किया। संत-महात्माओं ने कहा कि शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों एवं भावी शिक्षकों के ज्ञान, अनुभव और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक स्थलों का प्रत्यक्ष अवलोकन व्यक्ति के व्यक्तित्व को समृद्ध करता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को यात्रा के दौरान अनुशासन, आपसी सहयोग, शालीनता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की प्रेरणा दी। शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत प्रशिक्षु मध्य प्रदेश स्थित माँ पीतांबरा पीठ दतिया तथा ओरछा स्थित रामराजा सरकार के पावन धाम का भ्रमण करेंगे। इस दौरान प्रशिक्षुओं को इन ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की धार्मिक मान्यताओं, स्थापत्य कला, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्थानीय संस्कृति एवं सामाजिक जीवन का प्रत्यक्ष अवलोकन करने का अवसर प्राप्त होगा। इस संपूर्ण शैक्षिक भ्रमण का नेतृत्व संस्थान के समस्त प्रवक्ता गण द्वारा टीम बनाकर किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0