पर्यटन विकास को प्रस्तावित भूमि का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

डीएम ने एसपी के साथ पर्यटन विकास से संबंधित प्रस्तावित परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया...

Nov 23, 2026 - 09:34
Nov 23, 2026 - 09:34
 0  1
पर्यटन विकास को प्रस्तावित भूमि का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

पर्यटन विकास में विलंब व लापरवाही नहीं स्वीकार : डीएम

पर्यटक सुविधा केन्द्र एवं डारमेट्री निर्माण बंद होने पर कार्यदाई संस्था को तत्काल कार्य प्रारंभ करने के दिए सख्त निर्देश

भूमि का सीमांकन कराने पर दिया जोर

चित्रकूट। डीएम ने एसपी के साथ पर्यटन विकास से संबंधित प्रस्तावित परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।    

डीएम पुलकित गर्ग ने जनपद में पर्यटन विकास के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए भूमि चिन्हांकन एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक एके सिंह के साथ विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पर्यटन विभाग, राजस्व विभाग तथा कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सर्वप्रथम रामघाट के समीप बूडे़ हनुमान जी के पास प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए भूमि का निरीक्षण किया। मौके पर भूमि खाली पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि भूमि का तत्काल नियमानुसार सीमांकन कराकर पिलर स्थापित कराए जाएं तथा भूमि पर स्पष्ट रूप से सरकारी भूमि होने संबंधी सूचना बोर्ड भी स्थापित कराया जाए। जिससे भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इसके उपरांत डीएम ने पर्यटक सुविधा केंद्र परिसर में यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड, इकाई-13, बांदा द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पर्यटक सुविधा केंद्र एवं डॉरमेट्री के निर्माण कार्य मौके पर बंद पाए गए तथा कार्यस्थल पर कोई भी श्रमिक कार्यरत नहीं मिला। निर्माण कार्यों की इस स्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही इस प्रकरण में महानिदेशक पर्यटन को पत्र प्रेषित किए जाने के भी निर्देश दिए। टीएफसी के अंतर्गत कराए जा रहे अन्य निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। जहां कार्य प्रगति पर पाया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने टीएफसी के आसपास निर्मित आवासीय भवनों का भी निरीक्षण किया। इस संबंध में अवर अभियंता विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया कि संबंधित आवासीय भवनों के स्वीकृत मानचित्र एवं निर्माण की स्वीकृति की स्थिति की जांच कर नियमानुसार विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें। ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। तत्पश्चात डीएम ने प्रस्तावित राम वन गमन मार्ग के समीप स्थित भूमि का निरीक्षण किया। जहां पर्यटन विकास के अंतर्गत प्रस्तावित पार्किंग स्थल के लिए भूमि चिन्हांकन की कार्रवाई की जानी है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित काश्तकारों से संवाद एवं समन्वय स्थापित करते हुए नियमानुसार भूमि का चिन्हांकन शीघ्र सुनिश्चित कराया जाए। जिससे प्रस्तावित परियोजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कामदगिरि परिक्रमा मार्ग के निकट प्रस्तावित फूड कोर्ट एवं पार्किंग स्थल के लिए भूमि चिन्हांकन की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए भूमि चिन्हांकन की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि जनपद में पर्यटन विकास से जुड़ी परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाए। निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। ताकि जनपद में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार हो तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0