डायट प्राचार्य ने विद्यालयों का किया निरीक्षण
डायट प्राचार्य बीके शर्मा ने शिवरामपुर क्षेत्र के चार परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया...
चित्रकूट। डायट प्राचार्य बीके शर्मा ने शिवरामपुर क्षेत्र के चार परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विद्यालयों में पठन-पाठन, बच्चों की उपस्थिति, सत्रीय परीक्षाओं के संचालन और मध्याह्न भोजन की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। प्राथमिक विद्यालय शिवरामपुर भाग-2 में सत्रीय परीक्षा संचालित पाई गई। लोक निर्माण विभाग द्वारा विद्यालय को अतिक्रमण का नोटिस प्राप्त हुआ है। जिसके चलते विद्यालय को सुरक्षित स्थान में स्थापित करना आवश्यक है। साथ ही विद्यालय परिसर में हाई वोल्टेज ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है। जहाँ से बच्चों के आने-जाने का रास्ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके उपरांत प्राथमिक विद्यालय अमीन का पुरवा के निरीक्षण में एक अतिरिक्त कक्षा कक्ष की नितांत आवश्यकता पाई गई। प्राथमिक विद्यालय शिवरामपुर भाग-1 के निरीक्षण के दौरान कक्षाओं में प्रकाश की कमी मिली। प्राथमिक विद्यालय संग्रामपुर के निरीक्षण में पाया गया कि पूर्व में जर्जर भवन का ध्वस्तीकरण कराया जा चुका है, लेकिन अद्यतन नवीन निर्माण कार्य के लिए कोई धनराशि प्राप्त नहीं हुई है। वर्तमान में केवल एक कक्षा-कक्ष में संपूर्ण विद्यालय संचालित हो रहा है। प्राचार्य ने निरीक्षण आख्या में सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
