डायट प्राचार्य ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय का किया निरीक्षण

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शिवरामपुर के प्राचार्य बीके शर्मा ने गुरुवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय चकौंध का औचक निरीक्षण किया...

Aug 21, 2026 - 10:35
Aug 21, 2026 - 10:36
 0  3
डायट प्राचार्य ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय का किया निरीक्षण

पठन-पाठन मिला संतोषजनक, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

चित्रकूट। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शिवरामपुर के प्राचार्य बीके शर्मा ने गुरुवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय चकौंध का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में पठन पाठन की स्थिति संतोषजनक पाई गई। इसके अतिरिक्त, शिक्षकों और छात्राओं की उपस्थिति भी ठीक रही। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जाँच की गई। जिसे मीनू के अनुसार स्वादिष्ट और स्वच्छतापूर्ण पाया गया। हालाँकि निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुछ गंभीर कमियां भी उजागर हुईं। प्राचार्य ने पाया कि विद्यालय में निपुण तालिका और शिक्षक डायरी उपलब्ध नहीं थी जो कि शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए अनिवार्य हैं। इसके अलावा विद्यालय भवन की संरचनात्मक और सुरक्षा संबंधी बड़ी समस्या सामने आई। विद्यालय के तृतीय तल पर पानी की टंकी तक पहुँचने के लिए कोई सीढ़ी नहीं है। साथ ही क्षेत्र में बंदरों का भारी प्रकोप होने के कारण टंकी का पाइप टूट गया है। जिससे जल आपूर्ति बाधित हो सकती है और छात्राओं को असुविधा हो सकती है। प्राचार्य ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया है कि सभी समस्याएं दुरुस्त की जाए। प्राचार्य ने डीएलएड की कक्षाओं में प्रशिक्षुओं की घटती उपस्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इसे शैक्षणिक अनुशासन के विरुद्ध बताया। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शासन के मंशानुसार और परीक्षा नियामक प्राधिकारी के दिशा निर्देशों के तहत प्रशिक्षण के दौरान कक्षाओं में न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति होना अनिवार्य है। यह देखा जा रहा है कि कई प्रशिक्षु नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित नहीं हो रहे हैं जो कि उनके भविष्य और शिक्षक प्रशिक्षण की गुणवत्ता के लिए उचित नहीं है।

डायट प्राचार्य ने चेतावनी देते हुए कहा है कि जिन प्रशिक्षुओं की उपस्थिति निर्धारित 75 प्रतिशत से कम पाई जाएगी उन्हें आगामी सेमेस्टर, वार्षिक परीक्षाओं के परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित कर दिया जाएगा। साथ ही ऐसे अनुपस्थित या कम उपस्थिति वाले प्रशिक्षुओं को शासन स्तर से मिलने वाली छात्रवृत्ति का लाभ भी प्राप्त नहीं हो सकेगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशिक्षुओं की होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0