बांदा का शजर पत्थर इंटरनेशनल ट्रेड शो में बिखेर रहा चमक, विदेशी मेहमान भी हुए मुरीद
बुंदेलखंड की ऐतिहासिक धरोहर शजर पत्थर अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी चमक बिखेर रहा है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित...
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में बांदा के शजर को मिल रही वैश्विक पहचान, ओडीओपी स्टॉल पर रोजाना पहुंच रहे 5 से 6 हजार लोग
बांदा। बुंदेलखंड की ऐतिहासिक धरोहर शजर पत्थर अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी चमक बिखेर रहा है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में बांदा के शजर पत्थर की प्राकृतिक खूबसूरती और बेजोड़ हस्तशिल्प कला लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी 'एक जनपद-एक उत्पाद' (ओडीओपी) योजना के तहत बांदा के शिल्पकार द्वारिका प्रसाद सोनी और अर्जुन गुप्ता ने अपना स्टॉल लगाया है, जहां देश-विदेश से आए लोग शजर की कलाकृतियों को निहारने के साथ खरीदारी भी कर रहे हैं।
हॉल नंबर-9 में शजर की चमक, अब तक चार लाख की बिक्री
इंटरनेशनल ट्रेड शो के हॉल नंबर-9 में स्थित बांदा के ओडीओपी स्टॉल पर शजर पत्थर की कलात्मक कृतियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। स्टॉल संचालक द्वारिका प्रसाद सोनी के मुताबिक, प्रतिदिन लगभग 5 से 6 हजार लोग स्टॉल पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में अब तक करीब चार लाख रुपये की बिक्री हो चुकी है।
शजर पत्थर की प्राकृतिक बनावट और उसके भीतर उभरती मनमोहक आकृतियां इसकी खास पहचान हैं। इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी के माध्यम से बांदा के पारंपरिक शिल्प को वैश्विक बाजार में पहचान और नए ग्राहक मिल रहे हैं।
विदेशी मेहमानों को भा रही शजर की कारीगरी
बांदा के शजर स्टॉल की खास उपलब्धि यह है कि अब तक विभिन्न देशों के करीब 300 विदेशी मेहमान यहां पहुंच चुके हैं। विदेशी आगंतुकों ने शजर पत्थर की प्राकृतिक नक्काशी और कारीगरों की कलात्मक दक्षता में गहरी रुचि दिखाई। कई लोगों ने इसकी खरीदारी भी की।
स्टॉल पर शजर से निर्मित अंगूठी, पेंडल और नेकलेस जैसे आकर्षक आभूषणों की मांग बनी हुई है। इसके अलावा भारत का नक्शा, राष्ट्रीय पक्षी मोर, उत्तर प्रदेश का मानचित्र, भव्य शिव मंदिर और केदारनाथ मंदिर की कलाकृतियां भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं।
कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने की शिल्पकारों की सराहना
सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने भी बांदा के शजर स्टॉल का दौरा किया। शिल्पकार द्वारिका प्रसाद सोनी के अनुसार, मंत्री ने शजर पत्थर की अनूठी चमक और स्थानीय कारीगरों की हस्तशिल्प कला की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर शिल्पकार द्वारिका प्रसाद सोनी ने ओडीओपी योजना के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रयासों से बांदा के पारंपरिक शजर उद्योग को नई पहचान मिल रही है। इससे स्थानीय कारीगरों के लिए रोजगार और कारोबार के नए अवसर भी खुल रहे हैं।
इंटरनेशनल ट्रेड शो में शजर की बढ़ती मांग ने एक बार फिर साबित किया है कि बुंदेलखंड की पारंपरिक कला में वैश्विक बाजार तक पहुंचने की अपार संभावनाएं हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
