81 दिवसीय गविष्टि यात्रा के तहत बांदा पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य

81 दिवसीय गविष्टि यात्रा के क्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री श्री 1008 अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज का मंगलवार को बांदा जनपद आगमन हुआ...

May 26, 2026 - 17:25
May 26, 2026 - 17:32
 0  22
81 दिवसीय गविष्टि यात्रा के तहत बांदा पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य

बिसंडा की अक्षरा कुटी में हुआ भव्य स्वागत, धर्मसभा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सनातन धर्म, गौसंरक्षण और सांस्कृतिक चेतना पर दिया विशेष संदेश

बांदा। 81 दिवसीय गविष्टि यात्रा के क्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री श्री 1008 अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज का मंगलवार को बांदा जनपद आगमन हुआ। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया तथा धर्म सभाओं एवं जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में बिसंडा स्थित अक्षरा कुटी में समाजसेवी प्रेम पाण्डेय द्वारा शंकराचार्य महाराज का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं, सनातन धर्म प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। जय श्रीराम, हर-हर महादेव और गौमाता के जयघोषों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।

अपने संबोधन में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने सनातन धर्म, गौसंरक्षण एवं भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और आस्था की आधारशिला हैं तथा धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए समाज को आगे आना होगा। उन्होंने युवाओं से भारतीय परंपराओं और धार्मिक मूल्यों को अपनाने की अपील भी की।

शंकराचार्य महाराज ने कहा कि गविष्टि यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं बल्कि समाज में जागरूकता, गौसंरक्षण और सांस्कृतिक चेतना फैलाने का अभियान है। उन्होंने गांव-गांव और नगर-नगर में धर्म, सेवा और संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान शंकराचार्य महाराज ने समाजसेवी प्रेम पाण्डेय को बांदा जनपद का प्रभारी नियुक्त किया। इस घोषणा के बाद उपस्थित लोगों ने तालियों और जयघोषों के साथ उनका स्वागत किया। प्रेम पाण्डेय ने इस जिम्मेदारी के लिए शंकराचार्य महाराज का आभार व्यक्त करते हुए सनातन धर्म और गौसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

दिनभर अतर्रा, नरैनी सहित कई स्थानों पर स्वागत एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शंकराचार्य महाराज का अभिनंदन किया।

शाम को बांदा नगर स्थित रामलीला मैदान, गणेश भवन में विशाल धर्मसभा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। धर्मसभा में सनातन धर्म, राष्ट्रहित, गौसंरक्षण एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। आयोजन को लेकर पूरे जनपद में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0