बांदा भाजपा में फिर सियासी हलचल, बाबा बागेश्वर के आगमन से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
जिले की भाजपा राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है...
30 जनवरी को सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के आवास पर प्रस्तावित है पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दौरा, आगामी सियासी समीकरणों से जोड़कर देखी जा रही गतिविधि
बांदा। जिले की भाजपा राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। इस बार चर्चा के केंद्र में हैं बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, जिनका नाम आते ही सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक गतिविधियों में एक अलग ही ऊर्जा दिखाई देने लगती है। 30 जनवरी को उनका सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के आवास पर प्रस्तावित आगमन सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगी हैं।
सूचना के सोशल मीडिया पर आते ही इसे लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। समर्थक इसे संत का आत्मीय प्रवास बता रहे हैं, वहीं भाजपा के भीतर इसे आने वाले समय में बनने वाले राजनीतिक समीकरणों और नेतृत्व की स्वीकार्यता से जोड़कर देखा जा रहा है। यही कारण है कि यह दौरा केवल एक धार्मिक मुलाकात न रहकर राजनीतिक दृष्टि से भी खास माना जा रहा है।
इससे पहले 16 से 20 जनवरी तक बांदा में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान भी राजनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ा था। उस समय यह सवाल उठा था कि क्या धार्मिक मंच सामाजिक प्रभाव के साथ-साथ राजनीतिक संदेश का माध्यम बन रहा है। तभी से भाजपा के अंदर भविष्य की भूमिका और प्रभाव क्षेत्र को लेकर चर्चाएं लगातार चल रही हैं।
सूत्रों के अनुसार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के खुरहंड स्थित आवास पर संत दरबार लगाएंगे। वहां अल्प प्रवास के बाद उनका प्रयागराज के लिए प्रस्थान प्रस्तावित है। हालांकि राजनीतिक हलकों में नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस आगमन से किसके कद में बढ़ोतरी होगी और किसकी राजनीतिक सक्रियता पर सवाल खड़े होंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो बुंदेलखंड की भाजपा राजनीति में विधायक प्रकाश द्विवेदी को एक रणनीतिक सोच रखने वाले नेता के रूप में देखा जाता है। संगठन और सत्ता के बीच संतुलन बनाने की उनकी भूमिका पहले भी चर्चाओं में रही है। बाबा बागेश्वर के साथ उनकी निकटता को एक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, जिसने कई राजनीतिक खेमों में बेचैनी बढ़ा दी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि संत आगमन की यह राजनीतिक गूंज भाजपा की आंतरिक दिशा को किस तरह प्रभावित करती है।
अरुण...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
