बांदा में आयकर विभाग का 60 घंटे का 'सर्जिकल स्ट्राइक': खनन माफिया और सफेदपोशों के साम्राज्य में खलबली

यह जांच केवल खनन कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि उससे जुड़े रियल एस्टेट, मेडिकल सेक्टर, एविएशन सेवाओं और विभिन्न सरकारी विभागों में मैनपावर सप्लाई जैसे व्यवसायों के आर्थिक नेटवर्क...

Mar 13, 2026 - 18:22
Mar 13, 2026 - 18:23
 0  103
बांदा में आयकर विभाग का 60 घंटे का 'सर्जिकल स्ट्राइक': खनन माफिया और सफेदपोशों के साम्राज्य में खलबली

बांदा। जिले में खनन कारोबार से जुड़े प्रभावशाली कारोबारियों और उनके सहयोगियों पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी है। लखनऊ और कानपुर से आई संयुक्त जांच टीम पिछले 60 घंटे से अधिक समय से बांदा में डेरा डाले हुए है और कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों की गहन जांच कर रही है।

सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की यह कार्रवाई खनिज कारोबारी सीरजध्वज सिंह, दिलीप सिंह, शिवशरण सिंह, अज्ञात गुप्ता, सोमेश भरद्वाज तथा उनके अन्य सहयोगियों के आवासों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर चल रही है। टीम इन कारोबारियों से जुड़े आर्थिक लेनदेन, निवेश और संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।

बताया जा रहा है कि यह जांच केवल खनन कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि उससे जुड़े रियल एस्टेट, मेडिकल सेक्टर, एविएशन सेवाओं और विभिन्न सरकारी विभागों में मैनपावर सप्लाई जैसे व्यवसायों के आर्थिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन कारोबारों के माध्यम से किस प्रकार निवेश और धन का प्रवाह किया गया।

सूत्रों के मुताबिक कुछ कारोबारी समूहों ने बांदा को केंद्र बनाकर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार तक अपना कारोबार फैलाया हुआ है। प्रारंभिक जांच में कई शहरों में किए गए निवेश और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिलने की चर्चा है।

हालांकि आयकर विभाग की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के हवाले से चर्चा है कि कई ठिकानों से करोड़ों रुपये की संपत्तियों के कागजात, नकदी और कीमती जेवरात से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके अलावा लखनऊ, नोएडा, दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में स्थित कुछ नामी और बेनामी संपत्तियां भी जांच के दायरे में बताई जा रही हैं।

जिले में चल रही इस कार्रवाई से व्यापारिक और राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। फिलहाल आयकर विभाग की टीमें दस्तावेजों की जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ में जुटी हुई हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा होने की संभावना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0