बांदा में ऑटो–ई-रिक्शा सत्यापन अभियान, रूट डायवर्जन लागू, नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया...
बांदा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी मेविस टॉक एवं सीओ यातायात प्रतीज्ञा सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा ऑटो एवं ई-रिक्शा सत्यापन, जागरूकता और रूट डायवर्सन से संबंधित अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान राइफल क्लब ग्राउंड बाबूलाल ट्रैफिक चौराहे पर जन-जागरूकता कैंप लगाकर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई। वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी), ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, फिटनेस प्रमाण पत्र एवं परमिट की जांच की गई। बिना वैध दस्तावेज पाए गए चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई।
सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने बताया कि कई चालक निर्धारित रूट का पालन नहीं कर रहे थे तथा ओवरलोडिंग की शिकायतें भी सामने आई थीं। ऐसे चालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 112 पर देने की अपील की गई, जिससे टप्पेबाजी सहित अन्य अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्सन लागू किया गया है। वैकल्पिक मार्ग निर्धारित कर सूचना पट्टों के माध्यम से आमजन को जानकारी दी गई। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर यातायात सुचारु कराया गया।
सीओ यातायात प्रतीज्ञा सिंह ने चालकों को सड़क सुरक्षा, गति सीमा, सिग्नल पालन और यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश दिए। यातायात प्रभारी संजय मिश्रा ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए सभी को नियमों का पालन करना आवश्यक है।
जागरूकता अभियान में जिला सड़क सुरक्षा समन्वयक समिति सदस्य सुनील सक्सेना, उप निरीक्षक यातायात त्रिलोकी नाथ पांडे सहित सैकड़ों ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक और यातायात पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
