मोहन सरकार का तीसरा बजट : बुंदेलखंड को सड़क और पर्यटन पर जोर
मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने अपना तीसरा बजट पेश करते हुए आगामी वित्त वर्ष के लिए 4 लाख 38 हजार 357 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है...
4.38 लाख करोड़ के बजट में सागर संभाग के लिए सड़क, पुल और सिंचाई परियोजनाओं का प्रावधान
भोपाल/सागर। मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने अपना तीसरा बजट पेश करते हुए आगामी वित्त वर्ष के लिए 4 लाख 38 हजार 357 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में बजट का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए विकास और समृद्धि की योजनाओं को बिंदुवार रखा।
बुंदेलखंड क्षेत्र के सागर संभाग—दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, पन्ना और छतरपुर—को इस बजट में मुख्य रूप से सड़क और बुनियादी ढांचे की सौगात मिली है।
सागर को 246 करोड़ की सड़कों का तोहफा
संभागीय मुख्यालय सागर में ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए 27 सड़कों का निर्माण 246 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। साथ ही 28 करोड़ रुपये से तीन पुल बनाए जाएंगे।
नई मसवासी इंडस्ट्रियल एरिया के विकास का भी बजट में उल्लेख है, जिसे 467 हेक्टेयर में विकसित किया जाएगा। हालांकि इसके लिए राशि का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया। इसके अलावा पीएम ई-बस सेवा और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सीटें बढ़ाने का प्रावधान भी शामिल है। किसानों के लिए बंड़ा वृहद सिंचाई परियोजना हेतु 150 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
टीकमगढ़, निवाड़ी और पन्ना में फिर सड़क मॉडल
टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों को 151.29 करोड़ रुपये के 10 प्रमुख सड़क कार्यों की मंजूरी दी गई है। हालांकि रोजगार, उद्योग, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में कोई नई बड़ी योजना घोषित नहीं की गई। यह लगातार पांचवां वर्ष है जब इन जिलों की हिस्सेदारी मुख्य रूप से सड़क परियोजनाओं तक सीमित रही है।
पन्ना जिले में भी दो प्रमुख सड़क मार्गों के लिए लगभग 225 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। टिकरिया रोंठ वाया रैगुवां बोरी खमरिया मार्ग के लिए 114 करोड़ तथा शाहनगर बोरी चमईया मार्ग के लिए 110 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
खजुराहो और ओरछा को वैश्विक पहचान
छतरपुर जिले में स्थित विश्व धरोहर स्थल खजुराहो मंदिर समूह को वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बजट में शामिल है, हालांकि राशि का उल्लेख नहीं किया गया।
इसी प्रकार ऐतिहासिक नगरी ओरछा को भी ‘आइकॉनिक टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है।
सड़क और पर्यटन पर फोकस
कुल मिलाकर, सागर संभाग को इस बजट में सड़क, पुल और पर्यटन विकास पर विशेष जोर मिला है, जबकि उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी घोषणाओं का अभाव नजर आया। अब देखना होगा कि इन घोषणाओं का जमीनी क्रियान्वयन कितनी तेजी से होता है।
Courtesy: NEWS18 MP
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
