आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बन्धु की बैठक सम्पन्न

आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में मण्डलीय उद्योग बन्धु की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई...

Feb 27, 2026 - 18:24
Feb 27, 2026 - 18:28
 0  12
आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बन्धु की बैठक सम्पन्न

भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में पानी, बिजली व आधारभूत सुविधाओं को लेकर दिये कड़े निर्देश

बांदा। आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में मण्डलीय उद्योग बन्धु की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ़ में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए तैयार 258.63 लाख रुपये के आगणन प्रस्ताव को शीघ्र उत्तर प्रदेश जल निगम से स्वीकृत कराने के निर्देश दिये गये। साथ ही भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई, अतिरिक्त प्रवेश द्वार पर गेट एवं बोर्ड लगाए जाने का कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई।

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधीक्षण अभियंता विद्युत ने बताया कि संकटमोचन विद्युत फीडर से औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ़ को विद्युत लोड जोड़ा जाएगा, जिसकी टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। आयुक्त ने मटौंध विद्युत लाइन को पन्द्रह दिनों में दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए।

कताईमिल औद्योगिक क्षेत्र में भूखण्ड आवंटन के संबंध में उद्यमियों को विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग कबरई से महोबा एवं कबरई से बांदा मार्ग की मरम्मत एक सप्ताह में पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये गये। कबरई-बांदा मार्ग पर खराब स्ट्रीट लाइटों को भी शीघ्र ठीक कराने को कहा गया।

महोबा में स्थापित क्रेशर इकाइयों को विद्युत आपूर्ति में सुधार के संबंध में बताया गया कि वर्तमान में 20 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ़ में एक भूखण्ड का मानचित्र स्वीकृत करने एवं समय सीमा बढ़ाने के प्रकरण को 15 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

मेसर्स अग्रिमा इंटरप्राइजेज के धारा-116 के अंतर्गत अंश निर्धारण प्रकरण को 15 दिनों में निस्तारित करने हेतु उप जिलाधिकारी अतर्रा को निर्देशित किया गया। साथ ही भूरागढ़ की दो इकाइयों की बैंक गारंटी अवमुक्त करने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

आयुक्त ने ‘निवेश मित्र’ पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रधानमंत्री विकसित भारत विकास योजना की जानकारी उद्यमियों को देते हुए योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कुमार धर्मेन्द्र, संयुक्त उद्योग आयुक्त सुधीर कुमार श्रीवास्तव, उद्यमी संतोष गुप्ता, अशोक गुप्ता, रोहित जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0