विद्युत टीम पर ग्राम प्रधान व समर्थकों का हमला, जर्मन शेफर्ड छोड़ा, पांच कर्मचारी घायल

यूपी के जनपद बांदा में वसूली करने गई विद्युत विभाग की टीम पर ग्राम प्रधान और उसके समर्थकों द्वारा किए गए जानलेवा...

Feb 12, 2026 - 18:42
Feb 12, 2026 - 18:45
 0  169
विद्युत टीम पर ग्राम प्रधान व समर्थकों का हमला, जर्मन शेफर्ड छोड़ा, पांच कर्मचारी घायल
AI Generated Images - Gemini AI

बांदा। यूपी के जनपद बांदा में वसूली करने गई विद्युत विभाग की टीम पर ग्राम प्रधान और उसके समर्थकों द्वारा किए गए जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना उपखण्ड बबेरू के उपकेंद्र कमासिन क्षेत्र की है, जहां राजस्व वसूली के बाद लौट रही विद्युत टीम को रास्ते में घेरकर मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने कर्मचारियों पर हिंसक जर्मन शेफर्ड कुत्ता भी छोड़ दिया, जिससे विभाग के पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बुधवार 11 फरवरी 2026 को अवर अभियंता कमासिन के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ‘विद्युत बिल राहत योजना 2025-26’ के तहत ग्राम बंथरी के मजरा जमरेही नाथ में कैंप लगाकर ओटीएस पंजीकरण, राजस्व वसूली और बकायेदारों के कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई कर रही थी। कार्य समाप्त कर टीम वापस लौट रही थी, तभी बाबूपुरवा मोड़ के पास ग्राम प्रधान बंथरी सोमनाथ शुक्ला अपने समर्थकों के साथ चार पहिया वाहन से पहुंचकर टीम को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।

हमले में संविदा कर्मी कल्लू, रामचरण, दिनेश, मिठाई लाल और बच्छराज गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह विद्युत कर्मचारियों की जान बचाई।

घटना के संबंध में संविदा कर्मी कल्लू द्वारा थाना कमासिन में लिखित तहरीर दी गई है। इस मामले में कमासिन थानाध्यक्ष भास्कर मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान सोमनाथ शुक्ला, राम प्रकाश यादव, दयाराम यादव तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0