चौपरेश्वर महाराज का माता पार्वती के साथ सम्पन्न किया गया विवाह
महाशिवरात्रि पर आज नगर के धमना रोड स्थित चौपरा मन्दिर में भगवान चौपरेश्वर महाराज के दरबार में पहुंचकर माथा टेकने...
राठ (हमीरपुर)। महाशिवरात्रि पर आज नगर के धमना रोड स्थित चौपरा मन्दिर में भगवान चौपरेश्वर महाराज के दरबार में पहुंचकर माथा टेकने वाले भक्तों का तड़के भोर से तांता लग गया था और सुबह से जलाभिषेक कर भोलेनाथ की पूजा अर्चना वंदना करने वाले श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर खचाखच भरा रहा। दोपहर बाद मुख्य मंदिर के पट बंद कर दिये गये और चौपरेश्वर महाराज का श्रृंगार कर उन्हें दूल्हा बनाया गया। इस मौके पर हजारों की संख्या में दर्शनार्थी मंदिर परिसर में मौजूद रहे। भक्तों का आना जाना देर रात तक लगातार बना रहा।
नगर के प्रसिद्ध ऐतिहासिक महाभारतकालीन भगवान चौपरेश्वर महाराज के दर्शन के लिए आज रविवार को शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भोर तड़के से ही मंदिर में पहुंचना शुरु हो गई थी और देर रात तक लगातार मंदिर परिसर भक्तों की भीड़ से खचाखच भरा रहा। इस दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने भगवान चौपरेश्वर महाराज को नमन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से जलाभिषेक पूजन इत्यादि करने वाले भक्तों के लिए मंदिर के पट खुले रहे। दोपहर बाद चौपरेश्वर महाराज के मुख्य मंदिर के पट बंद कर दिये गये और भगवान भोलेनाथ का श्रृंगार किया गया। इसके बाद भक्तों ने बाहर से ही भगवान भोलेनाथ को नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। हर साल की तरह सम्पूर्ण मंदिर परिसर में भव्य सजावट की गई और रंगीन लाईटों से मंदिर परिसर को आकर्षक और मनमोहक रुप दिया गया। देर शाम के बाद भगवान चौपरेश्वर महाराज के विवाह की सभी रस्मों को वैदिक विधान के साथ सम्पूर्ण किया गया और माता पार्वती के साथ भगवान भोलेनाथ का विवाह सम्पन्न कराया गया। मंदिर परिसर के बाहर सड़क पर दुकानदारों ने अपनी दुकानों को लगाया था और मेला जैसा नजारा दिखाई दिया जहां मंदिर पहुंचने वाले भक्तों ने खरीददारी की। श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह दिखाई दिया और हर हर भोलेनाथ के नारे लगातार गूंजते रहे। मंदिर परिसर और रास्ते में पुलिस की तैनाती से श्रद्धालुओं के आने जाने में कोई कठिनाई नहीं हुई और लोग देर रात तक भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे।
रिपोर्ट : अमित निगम, (राठ) हमीरपुर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
