विवाह समारोह में शामिल होने आए 9 वर्षीय बालक को ग्रामीणों ने दलदल से सकुशल निकाला
नगर के उरई रोड नहर के पास स्थित एक विवाह घर में आयोजित शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई...
रस्सी बांधकर किया गया रेस्क्यू, पुलिस ने बालक को दादी के सुपुर्द किया
राठ (हमीरपुर)। नगर के उरई रोड नहर के पास स्थित एक विवाह घर में आयोजित शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी दादी के साथ आई बुआ की शादी में शामिल होने आया 9 वर्षीय बालक गहरे दलदल में फंस गया। बालक के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी की मदद से उसका सफल रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार महोबा जनपद के रामनगर निवासी नितिन (9) पुत्र जीतू शनिवार की रात अपनी दादी के साथ नगर के उरई रोड स्थित नहर किनारे बने विवाह घर में बुआ की शादी में शामिल होने आया था। रविवार को वह अपने एक दोस्त के साथ स्यावरी रोड की ओर शौच के लिए गया, इसी दौरान सड़क किनारे दलदल में फंस गया।
दलदल में फंसते ही बालक ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे स्यावरी गांव निवासी जितेन्द्र राजपूत मौके पर पहुंचे और साहस का परिचय देते हुए पेड़ और अपनी कमर में रस्सी बांधकर दलदल में उतर गए। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने बालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना पर पहुंची राठ कोतवाली पुलिस ने बालक की कुशलता सुनिश्चित करते हुए उसे उसकी दादी के सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में राठ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि बालक पूरी तरह सुरक्षित है और किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
रिपोर्ट : अमित निगम, (राठ) हमीरपुर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
